इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए चोटिल होने वाले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को अपने दाहिने घुटने का ऑपरेशन करवाना होगा और उनका इस साल के आखिर में भारत में होने वाले एकदिवसीय विश्वकप में खेलना संदिग्ध बताया जा रहा है। विलियमसन चोटिल होने के बाद न्यूजीलैंड लौट गए थे और मंगलवार को स्कैन से पुष्टि हुई कि उनके दाहिने घुटने के एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) में फ्रैक्चर है और उन्हें इसका ऑपरेशन करवाना होगा।
केन विलियमसन
ओपनिंग मैच में चोटिल हुए थे विलियमसन
विलियमसन अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस की तरफ से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट के बयान के अनुसार दाहिने हाथ के इस बल्लेबाज का अगले तीन सप्ताह के अंदर ऑपरेशन किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम पर विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट और अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा,‘पिछले दिनों मुझे बहुत सहयोग मिला और इसके लिए मैं न्यूजीलैंड क्रिकेट और गुजरात टाइटंस का आभार व्यक्त करता हूं। यह स्वाभाविक है कि इस तरह की चोट लगने से मैं निराश हूं, लेकिन मेरा ध्यान अभी सर्जरी और उसके बाद फिटनेस हासिल करने पर है।’ विलियमसन ने कहा,‘इसमें कुछ समय लगेगा लेकिन मैं जल्द से जल्द मैदान पर उतरने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करूंगा।’
इस तरह की चोट से उबरने और पूर्ण फिटनेस हासिल करने में काफी समय लग जाता है और इसे देखते हुए विलियमसन का अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्वकप तक पूरी तरह फिट होना असंभव लगता है।
विलियमसन ने कहा,‘मैं अगले कुछ महीनों में मुख्य कोच गैरी स्टीड और टीम का कैसे सहयोग कर सकता हूं इस पर ध्यान दे रहा हूं।’ न्यूजीलैंड के कोच स्टीड को भी लगता है कि विलियमसन का विश्वकप से पहले फिट होना मुश्किल लगता है। उन्होंने कहा,‘हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है लेकिन अभी की स्थिति को देखते हुए यह असंभव लगता है। हमारी भावनाएं अभी केन के साथ हैं। यह उनके लिए मुश्किल समय है। यह ऐसी चोट नहीं है जिसकी आप उम्मीद कर रहे थे। यह वास्तव में करारा झटका है।’
Injury Update | Kane Williamson will require surgery on his injured right knee, after scans on Tuesday confirmed he… t.co/aoDvbi6VPw
— ANI (@ANI) Apr 5, 2023
विलियमसन ने दिसंबर 2022 में टेस्ट कप्तानी छोड़ दी थी लेकिन वह सीमित ओवरों के प्रारूपों में न्यूजीलैंड के कप्तान हैं। उन्होंने अब तक 161 वनडे में 47.83 की औसत है 6554 रन बनाए हैं।
