आज आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स और मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ये इस सीजन का 26वां मुकाबला होगा। लखनऊ और दिल्ली का मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। एक तरफ है दिल्ली की टीम जो अब भी अंतिम स्थान पर संघर्ष कर रही है, जबकि लखनऊ की टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। इस मैच में सबकी नजरें लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) पर टिकी होंगी जो अपने घर पर लगातार दो मैच जीत चुकी है और अब जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दिल्ली-लखनऊ मैच आज की पिच रिपोर्ट
इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की स्थिति तो एक दूसरे से काफी अलग नजर आ रही है, आइए ये भी जान लेते हैं कि आईपीएल इतिहास में जब-जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं तो उसका ट्रैक रिकॉर्ड क्या रहा है। इन दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में सिर्फ 3 मुकाबले खेले गए हैं। इन तीन मैचों में दिल्ली की टीम का खाता तक नहीं खुला है क्योंकि तीनों ही बार लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम विजयी रही। आज होने वाले मैच की बात करें तो लखनऊ की टीम की तरफ से जिन खिलाड़ियों से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी उनमें कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) का नाम सबसे ऊपर आता है, इसके अलावा निकोलस पूरन (Nicolas Pooran) और पिछले मैच में पांच विकेट लेने वाले यश ठाकुर (Yash Thakur) पर नजरें रहेंगी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स के फैंस की नजरें कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के साथ-साथ मिचेल मार्श (Mitchell Marsh), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) और डेविड वॉर्नर (David Warner) जैसे धुरंधरों पर टिकी होंगी।
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाला मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच का रुख पिछले सीजन की तुलना में इस बार काफी अलग है। इस बार यहां बल्लेबाजों को फायदा हो रहा है और पिच उतनी धीमी नहीं है जितनी पिछले सीजन में थी। एक बार फिर आज यहां रनों की बारिश देखने को मिल सकती है जब दिल्ली और लखनऊ के बल्लेबाज आक्रामक रुख अपनाएंगे। अब तक दो मैचों की चार पारियों में यहां 199, 178, 163 और 130 रनों के स्कोर बन चुके हैं। एक मैच में लखनऊ ने पंजाब किंग्स को 21 रन से मात दी, वहीं दूसरे मैच में मेजबान टीम ने गुजरात को 33 रनों से शिकस्त दी। दोनों ही मौकों पर लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इससे प्रतीत होता है कि यहां लक्ष्य का पीछा करना इतना आसान नहीं है। खासतौर पर पिछले मैच को देखते हुए जहां गुजरात की टीम 164 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में 130 रन पर सिमट गई थी। यहां तेज गेंदबाजों का बोलबाला नजर आ रहा है, लेकिन बीच के ओवरों में कुलदीप यादव और क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) जैसे स्पिनर अपनी फिरकी का जादू भी दिखा सकते हैं।
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के आमने-सामने के आंकड़ों को देखें, तो अब तक यहां ये दोनों टीमें सिर्फ एक बार टकराई हैं। वो मैच पिछले आईपीएल सीजन में खेला गया था जिसमें लखनऊ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 193 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 143 रन ही बना सकी और 50 रन से मैच गंवा दिया। उस मैच में लखनऊ की तरफ से बल्ले से काइल मायर्स ने 38 गेंदों में 73 रन बनाकर धूम मचाई थी। लेकिन असल धमाल मचाया था इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने जिन्होंने लखनऊ की तरफ से अपने पहले ही आईपीएल मैच में सिर्फ 14 रन लुटाते हुए 5 विकेट झटक लिए थे।
