धनुष्का गुणातिलका की बढ़ी मुश्किलें, अब लगा बलात्कार के दौरान महिला का गला दबाने का आरोप

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 10, 2022, 11:25 AM IST

ऑस्ट्रेलिया में बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे धनुष्का गुणातिलका की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला ने अब आरोप लगाया है कि घटना के दौरान गुणातिलका ने उन्हें गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की थी।

सिडनी: श्रीलंका के क्रिकेटर धनुष्का गुणातिलक ने बलात्कार के कथित प्रयास के दौरान महिला को गला दबाकर लगभग मार ही दिया था। मीडिया की खबरों में पुलिस दस्तावेजों के हवाले से ऐसा दावा किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गुणातिलक ने उसके साथ डेट पर जाने के दौरान दो नवंबर को सिडनी के रोज बे में उसके घर पर चार बार उसका यौन उत्पीड़न किया। गुणातिलक मौजूदा टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली श्रीलंका की टीम का हिस्सा थे।

Danushka-Gunathilaka

धनुष्का गुणतिलका

गुणातिलका को हो सकती है 14 साल की सजा

सिडनी पुलिस ने बाद में 31 साल के गुणातिलक को टीम होटल से गिरफ्तार किया जबकि श्रीलंका की टीम के अन्य सदस्य टीम के सुपर 12 चरण से बाहर होने के बाद स्वदेश लौट गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को सोमवार को जमानत नहीं मिली और उन्हें अधिकतम 14 साल जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है।

उत्पीड़न के दौरान गवा दबाने का लगा आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि यौन उत्पीड़न के दौरान गुणातिलका ने तीन बार उनका गला दबाने का प्रयास किया। ऑस्ट्रेलिया की मीडिया ने पुलिस दस्तावेजों के हवाले से कहा, 'शिकायतकर्ता ने आरोपी की कलाई पकड़कर उसका हाथ हटाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने गले को और जोर से दबाया। शिकायतकर्ता को अपनी जान जाने का डर था और वह आरोपी की पकड़ से नहीं छूट पा रही थी। वह लगातार आरोपी की पकड़ से दूर होने का प्रयास कर रही थी जो स्पष्ट संकेत है कि जो हो रहा था वह उसकी मर्जी से नहीं हो रहा था।' इस मामले की अगली सुनवाई 12 जनवरी को होगी।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने किया निलंबित

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुणातिलका को खेल के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया है। इस घटना से शर्मसार श्रीलंका सरकार ने एसएसली को इस मामले की तुरंत जांच कराने को कहा है। गुणातिलका नामीबिया के खिलाफ श्रीलंका के पहले दौर के मैच में खेले थे और खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे। वह बाद में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे लेकिन टीम के सुपर 12 चरण में जगह बनाने के बाद वह टीम के साथ जुड़े रहे।

इंग्लैंड दौरे पर बायो बबल तोड़ने का लगा था आरोप

गुणातिलका का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था। बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर उसे छह माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। उसी वर्ष गुणातिलका को निलंबन झेलना पड़ा था क्योंकि उसके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था।

बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणातिलका को सीमित ओवरों के छह मैचों के लिए निलंबित कर दिया था। गुणातिलक ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

End of Feed