IND W vs SA W: क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने इस साल के अंत में होने वाले भारतीय महिला टीम के दौरे के नए कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। अब इस दौरे में एक टेस्ट, तीन वनडे के साथ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच भी शामिल किए गए हैं। सीएसए के मुताबिक, भारतीय टीम दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी। यह सीरीज फरवरी 2027 में श्रीलंका में होने वाली पहली ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले दोनों टीमों के लिए आखिरी बड़ी तैयारी होगी।
महिला टीम का साउथ अफ्रीकी दौरा (फोटो साभार- BCCI/SA)
बॉक्सिंग डे टी20 मुकाबला
इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि भारतीय टीम इसमें एक बॉक्सिंग डे टी20 मुकाबला भी खेलेगी। भारतीय टीम क्रिसमस के बाद भी दक्षिण अफ्रीका में रुकेगी और नए साल से ठीक पहले टी20 सीरीज खेलकर दौरे का समापन करेगी। सीएसए के सीईओ फोलेट्सी मोसेकी ने कहा, "हमें भारत दौरे के संशोधित कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए खुशी है। त्योहारों के दौरान टी20 सीरीज जोड़ने से हमारी महिला टीम को अगले साल श्रीलंका में होने वाली पहली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे अच्छी तैयारी मिलेगी।" उन्होंने आगे कहा, "भारत दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। तीनों फॉर्मेट में उनके खिलाफ खेलना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा क्योंकि हम एक और बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे हैं।"
मार्च-अप्रैल में किया था आखिरी दौरा
भारतीय महिला टीम मार्च-अप्रैल 2026 में आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई थी। तब पांच मैच की टी20 सीरीज में उसे 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके तुरंत बाद दोनों टीमें इंग्लैंड में हुए महिला टी20 विश्व कप में भी भिड़ी थीं। उस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया था। अब दिसंबर में होने वाली यह सीरीज तीनों फॉर्मेट की होगी। लंबे समय बाद भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट खेलेगी। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह आखिरी बड़ा अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा, इसलिए दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है।
भारत महिला टीम के SA दौरे का पूरा कार्यक्रम
एकमात्र टेस्ट मैच
9 से 12 दिसंबर 2026
3 मैचों की वनडे सीरीज
16 से 22 दिसंबर 2026
3 मैचों की टी20 सीरीज
26 से 30 दिसंबर 2026
स्थान: बेनोनी और पोशेफ्स्ट्रूम
