आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम जब पर्थ के क्राउन होटल में ठहरी थी, तब किसी कर्मचारी ने विराट कोहली के कमरे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर विराट कोहली ने भी सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई जिसके बाद होटल को माफी मांगनी पड़ी और उस कर्मचारी को भी हटाया गया। जब भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने क्या कहा, आइए जानते हैं।
विराट कोहली और राहुल द्रविड़
कोच राहुल द्रविड़ ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस मुद्दे पर कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह निराशाजनक है। विराट ही नहीं कोई भी ऐसी हरकत को सहजता से नहीं लेता। यह निराशाजनक है।’’ मुख्य कोच ने कहा होटल के कमरे को सार्वजनिक करने का विचार ही डरावना है।
उन्होंने कहा,‘‘ हमने संबंधित अधिकारियों के सामने यह मसला उठाया। उन्होंने कार्रवाई की है। उम्मीद है कि अब लोग अधिक सतर्क रहेंगे क्योंकि यह एक ऐसा स्थान है जहां आपको लगता है कि आप लोगों की नजरों से दूर हैं।’’
द्रविड़ ने कहा, ‘‘यह एक ऐसा स्थान है जहां आप सुरक्षित महसूस करते हैं। अगर यह सुरक्षा भी नहीं रहती तो यह वास्तव में अच्छी बात नहीं है।’’ द्रविड़ को खुशी है कि कोहली ने इस घटना को अच्छी तरह से संभाला। उन्होंने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि उन्होंने वास्तव में इसे अच्छी तरह से संभाला। वह सहज हैं और यहां अभ्यास के लिए आए हैं।’’
