क्रिस वोक्स ने किया ऋषभ पंत के साथ बातचीत का खुलासा, मांगी पैर में फ्रैक्चर के लिए माफी

कंधे की चोट के बावजूद ओवल टेस्ट में टीम के लिए मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरने के साहसिक निर्णय के लिए वाहवाही लूटने वाले इंग्लिश तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने ऋषभ पंत के साथ हुई बातचीत का खुलासा किया है। पंत उनकी गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में चोटिल हो गए थे और पैर में फ्रैक्चर की वजह से सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट से बाहर हो गए थे।

लंदन: इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने खुलासा किया है कि उन्होंने हालिया टेस्ट श्रृंखला के दौरान अपनी गेंद पर पैर में फ्रैक्चर के लिए ऋषभ पंत से ‘माफी’ मांगी थी जिसके बाद वह अपने भारतीय प्रतिद्वंद्वी की उदारता से काफी प्रभावित हुए। मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट के दौरान वोक्स की गेंद पंत के पैर में लगी थी जिसके कारण वह सीरीज के निर्णायक पांचवें मैच से बाहर हो गए थे। भारत ने इस झटके से उबरते हुए ओवल में हुए अंतिम मैच को छह रन से जीतकर श्रृंखला 2-2 से बराबर कर दी।

Rishabh Pant

ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)

दोनों ने अपनी-अपनी टीम के लिए चोटिल होने के बावजूद की बल्लेबाजी

वोक्स और पंत दोनों ही श्रृंखला के दौरान गंभीर चोटों के बावजूद बल्लेबाजी के लिए उतरकर अपनी-अपनी टीमों के लिए साहस के प्रतीक बन गए। जहां पंत ने मैनचेस्टर में अपने पैर की टूटी उंगली के बावजूद बल्लेबाजी की तो वहीं वोक्स पांचवें टेस्ट के दौरान कंधे की हड्डी खिसकने के बावजूद क्रीज पर उतरे। वोक्स ने ‘गार्जियन’ को दिए साक्षात्कार में कहा,'मैंने देखा कि ऋषभ (पंत) ने इंस्टाग्राम पर सैल्यूट इमोजी के साथ मेरी एक तस्वीर डाली थी तो मैंने उन्हें धन्यवाद देते हुए जवाब दिया कि ‘प्यार के लिए शुक्रिया और उम्मीद है कि पैर ठीक होगा’। फिर उन्होंने मुझे एक वॉइस नोट भेजा जिसमें कहा था ‘उम्मीद है सब ठीक होगा, उबरने के लिए शुभकामनाएं और उम्मीद है कि हम किसी दिन फिर से मैदान पर मिलेंगे।’ मैंने टूटे हुए पैर के लिए माफी मांगी।'

End of Feed