Mike Hussey: आईपीएल के 20वें सीजन के आगाज से पहले पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स में कई बड़े बदलाव हो चुके हैं। स्टीफन फ्लेमिंग की विदाई के बाद जहीर खान बतौर हेड कोच टीम की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक एक और दिग्गज से सीएसके ने अलग होने का फैसला किया है।
माइक हसी (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)
खत्म हुआ 8 साल का साथ
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज और सीएसके के बैटिंग कोच माइक हसी ने सीएसके का साथ छोड़ दिया है। आईपीएल 2027 में वो टीम के साथ नजर नहीं आएंगे। सीएसके और हसी का 8 साल पुराना साथ टूट गया है। हसी ने साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। जिसे वो पिछले सीजन तक निभा रहे थे। इससे वह टीम के साथ बतौर प्लेयर जुड़े थे। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी ने हसी को आधिकारिक तौर पर बैटिंग कोच के पद से हटाए जाने की सूचना दे दी है।
कौन बनेगा नया बैटिंग कोच
सीएसके के टीम मैनेजमेंट ने जहीर खान को हेड कोच बनाने के बाद मोहित शर्मा को टीम का नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। अब सबकी नजरें टीम के नए बैटिंग कोच के नाम पर टिकी हैं। इस पद को कौन संभाल सकता है इसे लेकर कोई नाम सामने नहीं आया है। पिछले दो सीजन में चेन्नई के बल्लेबाजों ने खराब प्रदर्शन किया जिसका असर चेन्नई के प्रदर्शन पर दिखा। लगातार दो बार सीएसके प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। ऐसा आईपीएल के इतिहास में पहली बार हुआ।
पिछले दो सीजन में जीते 28 में से 10 मैच
आईपीएल 2025 और 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम दोनों ही सीजन में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में सीएसके ने 18वें सीजन में इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन किया और 14 में 4 मैच में जीत 10 में हार के साथ अंक तालिका में 10वें यानी सबसे निचले पायदान पर रही। ऐसा सीएसके के साथ पहले कभी नहीं हुआ था। इसके बाद आईपीएल 2026 में टीम के प्रदर्शन में थोड़ा सुधार तो हुआ लेकिन वे नॉकआउट की रेस से लगातार बाहर रहे। इस सीजन में टीम ने 14 मैचों में से 6 जीते और 8 गंवाए। टीम को इस बार आठवें पायदान से संतोष करना पड़ा।
