CSK Hall of Fame: चेन्नई सुपर किंग्स ने की नई परंपरा की शुरुआत, हॉल ऑफ फेम में हुई सुरेश रैना और मैथ्यू हेडेन की एंट्री

चेन्नई सुपर किंग्स ने नई परंपरा की शुरुआत करते हुए अपनी टीम के लिए खेलने वाले दो पूर्व खिलाड़ियों को हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। हॉल ऑफ फेम की शुरुआत करने वाली चेन्नई पहली टीम बन गई है।

चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को भारत के पूर्व हरफनमौला सुरेश रैना और ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज मैथ्यू हेडेन को टीम के पहले ’हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया। यह घोषणा एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर टीम के प्रशंसकों के लिये विशेष कार्यक्रम 'रोर 26' के दौरान की गई। रैना 2008 से 2021 तक चेन्नई टीम का हिस्सा थे। वह चार बार आईपीएल में चेन्नई की विजेता टीम (2010, 2011, 2018 और 2021)के सदस्य रहे। प्रशंसकों के बीच ’चिन्ना थाला’ के नाम से मशहूर रैना 2010 और 2014 में चैम्पियंस लीग जीतने वाली चेन्नई टीम में भी थे और 2014 में 'प्लेयर आफ द टूर्नामेंट' रहे थे।

Suresh Raina and Matthew Hayden

चेन्नई सुपर किंग्स के पहले हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए सुरेश रैना और मैथ्यू हेडेन (फोटो क्रेडिट CSK X)

रैना का ऐसा रहा सीएसके के लिए प्रदर्शन

सुरेश रैना ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले 176 मैच में 4,687 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 33 अर्धशतक जड़े। नाबाद 100 रैना का सीएसके के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए रैना दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे ज्यादा रन एमएस धोनी (4865) ने 248 मैच में बनाए हैं। रैना साल 2022 में चेन्नई से अलग हुए थे और उसके बाद से कमेंट्री कर रहे हैं। चार साल बाद सीएसके ने अपने पूर्व उपकप्तान को टीम के सबसे बड़े सम्मान से नवाजा है।

End of Feed