लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ ओवल में 31 जुलाई से खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले करारा झटका लगा है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। उनकी गैर मौजूदगी में ओली पोप टीम की कमान संभालेंगे। इंग्लैंड को प्लेइंग-11 में चार बदलाव करने पड़े हैं। बेन स्टोक्स के अलावा तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, ऑलराउंडर लियाम डॉसन और बाइडन कार्स प्लेइंग 11 से बाहर हो गए हैं। इन चार की जगह टीम में जैकब बैथेल, जैमी ओवरटन, गस एटकिंसन और जोश टंग का शामिल किया गया है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AP)
चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी इंग्लैंड
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज के रूप में उभरे बेन स्टोक्स के दाहिने कंधे में चोट है। स्टोक्स लॉर्ड्स और मैनचेस्टर दोनों टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड की टीम सीरीज में भारत को कड़ी चुनौती देती रही है। ऐसे में उनका टीम में नहीं होना मेजबान टीम के लिए करारा झटका है। स्टोक्स की गैरमौजूदगी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी का मोर्चा संभालेंगे। टीम में चार तेज गेंदबाज हैं। क्रिस वोक्स का साथ देने के लिए गस एटकिंसन, जैमी ओवरटन और जोश टंग होंगे। टीम में कोई स्पेशलिस्ट स्पिनर नहीं है। ऐसे में जो रूट को बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान देना होगा।
मैनचेस्टर टेस्ट की चौथी पारी में की मशक्कत का दिखा असर
पांच मैच की सीरीज में इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे चल रही है। भारतीय टीम के पास ओवल में सीरीज बराबर करने का शानदार मौका है। मैनचेस्टर टेस्ट में चौथी पारी में भारतीय बल्लेबाजों के सामने इंग्लैंड के गेंदबाजों को जोर लगाना पड़ा। अंत में इंग्लैंड को मैच ड्रॉ कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्टोक्स ने कहा था कि वो अपने गेंदबाजों को चोटिल होने से बचाना चाहते थे लेकिन उनकी ये कोशिश नाकाम रही और टीम में बड़े बदलाव निर्णायक टेस्ट से पहले करने पड़े हैं।
