लंदन: इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने सवाल किया है कि लोग 2019 वर्ल्ड कप फाइनल में उनके बल्ले से टकराकर निकली गेंद की तुलना दीप्ति शर्मा के चार्ली डीन को रन आउट करने से क्यों कर रहे हैं। भारत और इंग्लैंड महिला के बीच तीसरा वनडे नाटकीय अंदाज में समाप्त हुआ जब दीप्ति शर्मा ने चार्ली डीन को नॉन स्ट्राइकर्स छोर पर बिना गेंद डाले रन आउट किया। इस रन आउट की वजह से भारत ने 16 रन से मैच जीता, लेकिन इस घटना ने काफी विवाद खड़ा किया और लोग इस मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बेन स्टोक्स
बता दें कि डीन के रन आउट के बाद कई फैंस ने सोशल मीडिया पर इंग्लैंड क्रिकेट को 2019 वर्ल्ड कप फाइनल की घटना के बारे में याद दिलाई, जहां गेंद स्टोक्स के बल्ले से टकराकर ओवरथ्रो के चार रन के लिए चली गई थी। इसने इंग्लिश टेस्ट कप्तान का ध्यान आकर्षित किया, जिन्होंने ट्विटर पर लोगों से पूछा कि लोग 2019 फाइनल की घटना की तुलना मांकड से क्यों कर रहे हैं। स्टोक्स ने ट्वीट करके पूछा, 'लोग मेरे बल्ले से लगकर जाने वाली गेंद की तुलना मांकड से क्यों कर रहे हैं?'
Why are people comparing a ball deflecting of my bat to a mankad? t.co/LeYEK601mP
— ANI (@ANI) Sep 26, 2022
दीप्ति शर्मा ने हाल ही में इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी टीम ने डीन को चेतावनी दी थी और इस अंदाज में आउट करने का यह उनका प्लान था। दीप्ति ने कहा, 'यह हमारी योजना थी क्योंकि वो लगातार ऐसा कर रही थीं। हमने उसे चेतावनी भी दी थी। तो नियमों के दिशा-निर्देश के अनुसार, हमने ऐसा किया।'
चेतावनी के बारे में जोर देने पर शर्मा ने कहा कि टीम ने खिलाड़ी को कहा था और अंपायर्स को भी इस बारे में जानकारी दी थी। दीप्ति ने कहा, 'हां, हां निश्चित ही हमने कहा था क्योंकि हमने अंपायर्स को भी बताया था। मगर फिर भी वो क्रीज के बाहर निकली तो हम कुछ नहीं कर सकते थे। प्रत्येक टीम जीतना चाहती है और हम भी जीतकर झूलन गोस्वामी को अच्छी विदाई देना चाहते थे।' इंग्लैंड की खिलाड़ी ने इस बयान से उलट कहा कि उन्हें कभी भारतीय टीम ने चेतावनी नहीं दी।
