इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसके साथ ही उनके 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर पर ब्रेक लग गया। टी20 और वनडे से पहले ही संन्यास ले चुके स्टोक्स एकमात्र टेस्ट फॉर्मेट खेलते थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के चौथे दिन बेन स्टोक्स ने अपने संन्यास का ऐलान किया।
बेन स्टोक्स (साभार-X)
इंग्लैंड क्रिकेट ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें बेन स्टोक्स अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर रहे हैं। इस वीडियो में स्टोक्स ने कहा कि कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर वह आखिरी दो दिन दिखेंगे, जिससे पता चलता है कि वीडियो आज सुबह मैच शुरू होने से पहले का है। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट ने कैप्शन में लिखा 'बेन, आप इस टीम के लिए सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और दिग्गज रहे हैं और आपने उम्मीद से बढ़कर टीम को दिया। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और आपके संन्यास के लिए आपको शुभकामनाएं देते हैं। इंग्लैंड अब पहले जैसा कभी नहीं रहेगा।
नाइटक्लब विवाद के चलते बेन स्टोक्स न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं थे और उन्होंने तीसरे टेस्ट में वापसी की थी। हमेशा रेड बॉल क्रिकेट को सबसे ऊपर रखने वाले स्टोक्स, विराट के बाद टेस्ट क्रिकेट के दूसरे बड़े ब्रांड एंबेसडर के तौर पर जाने जाते थे।
स्टोक्स की दो करियर डिफाइनिंग पारी
बेन स्टोक्स की गिनती महान ऑलराउंडरों में की जाती है। जैक कैलिस के बाद वह केवल दूसरे ऑलराउंडर हैं जिनके नाम 7,000 से ज्यादा रन और 250 प्लस विकेट झटके हैं। उन्होंने साल 2019 वनडे वर्ल्ड कप में 84 रन की नाबाद पारी खेलकर इंग्लैंड को पहली बार इस फॉर्मेट में चैंपियन बनाया था और ठीक 6 हफ्ते बाद हेडिंग्ले में खेले गए एशेज के तीसरे टेस्ट में 135 रन की पारी नाबाद पारी खेलकर इंग्लैंड को जीत दिलाई थी।दुनिया के दूसरे सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर स्टोक्स का करियर
बेन स्टोक्स ने अपने करियर में इंग्लैंड के लिए 122 टेस्ट, 114 वनडे और 43 टी20आई मैच खेले। उन्होंने खबर लिखे जाने तक 122 टेस्ट की 219 पारी में 9 बार नाबाद रहते हुए 7,243 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 37 अर्धशतक जड़े। 258 उनका टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके अलावा स्टोक्स ने 114 वनडे की 99 पारी में 15 बार नाबाद रहते हुए 41.22 के औसत और 95.68 के स्ट्राइक रेट से 34.63 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 5 शतक और 24 अर्धशतक जड़े। वहीं अंतरराष्ट्रीय टी20 में उन्होंने 43 मैच की 36 पारी में 585 रन 21.66 के औसत से बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल है।
गेंदबाजी में भी स्टोक्स ने जमकर धमाल मचाया उन्होंने 122 टेस्ट में 252 विकेट अपने नाम किए। वहीं वनडे में 74 और टी20आई में 26 विकेट अपने नाम किए। स्टोक्स न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 7 हजार से ज्यादा रन और 250 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे ऑलराउंडर बने। स्टोक्स इंग्लैंड की वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे।
