Ben Duckett: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेन डकेट रचा शतकीय इतिहास, तोड़ा चैंपियंस ट्रॉफी का 21 साल पुराना रिकॉर्ड

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। डकेट नाथन एस्टल का साल 2004 में अमेरिका के खिलाफ बनाया रिकॉर्ड तोड़ दिया।

लाहौर: इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने चिरप्रतिद्वंदी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी के डेब्यू मैच में इतिहास रच दिया है। डकेट चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज नाथन ऐस्टल का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। ऐस्टल ने साल 2004 में 145 रन की नाबाद पारी अमेरिका के खिलाफ खेली थी जो कि डकेट की शतकीय पारी से पहले सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी थी। डकेट 143 गेंद में 165 रन बनाकर आउट हुए। डकेट चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में 150 रन के आंकड़े को पार करने वाले दुनिया के पहले प्लेयर भी बने। डकेट ने अपनी पारी के दौरान 17 चौके और 3 छक्के जड़े।

Ben Duckett

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते बेन डकेट

95 गेंद में डकेट ने जड़ा शतक

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैडं के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे डकेट ने आते ही पिच पर खूंटा गाड़ दिया। उन्होंने एक छोर से संभाल लिया और अपना अर्धशतक 49 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। शुरुआती दो झटके लगने के बाद डकेट ने जो रूट के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। 201 के स्कोर पर जो रूट 68(78) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने के बाद डकेट पिच पर डटे रहे और अपना शतक 95 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

End of Feed