IND vs ENG: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के युवा बल्लेबाजों बेन डकेट और जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ एक नया इतिहास लिख दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर भारत के खिलाफ वनडे में इंग्लैंड की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इस मुकाबले का टॉस इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
बेन डकेट और जैकब बेथेल (फोटो साभार- X/England Cricket)
भारत के खिलाफ रिकॉर्ड साझेदारी
इसके बाद इंग्लैंड के दोनों ओपनर्स बेन डकेट और जैकब बेथेल ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और भारत के हर गेंदबाज को निशाने पर लिया। बाएं हाथ के इन दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेले। डकेट जहां अपनी क्लासिक ड्राइव और कट से रन बटोर रहे थे, वहीं बेथेल ने स्पिनर्स के खिलाफ स्वीप और रिवर्स स्वीप का शानदार इस्तेमाल किया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रनों की साझेदारी कर रिकॉर्ड बना डाला। डकेट और बेथेल की ये साझेदारी शतक के करीब आकर टूटी। 34वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर जैकब बेथेल आउट हो गए। बेथेल 91 रन बनाकर रोहित शर्मा के हाथों डीप स्क्वायर लेग पर लपके गए।
जो रूट और मॉर्गन का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले भारत के खिलाफ इंग्लैंड की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड जो रूट और इयोन मॉर्गन के नाम था। दोनों ने 2018 में लीड्स में तीसरे विकेट के लिए नाबाद 186 रन जोड़े थे। तीसरे नंबर पर मार्कस ट्रेस्कोथिक और नासिर हुसैन हैं, जिन्होंने 2002 में लॉर्ड्स में ही दूसरे विकेट के लिए 185 रन की साझेदारी की थी। 2007 में साउथैम्प्टन में एलिस्टर कुक और इयान बेल ने दूसरे विकेट के लिए 178 रन जोड़े थे। बेथेल के आउट होने के बाद डकेट ने अपनी सेंचुरी पूरी की।
