न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में अनुभवी भारतीय पेसर मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर काफी विवाद हुआ और तमाम सवाल उठाए गए थे। अब बीसीसीआई ने उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 से मोहम्मद सिराज को बाहर करने के पीछे कोई सांप्रदायिक वजह थी।
मोहम्मद सिराज
पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया था, लेकिन मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली, जो कि एक बेहद चौंकाने वाला फैसला था, क्योंकि सिराज शानदार लय में थे और टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज में उनकी गेंदबाजी का दम साफ देखने को मिला था।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जनवरी 2022 के बाद से, यह पहला ऐसा टेस्ट मैच था जो एशिया के बाहर खेला गया और जिसमें सिराज भारत की ओर से नहीं खेले। इससे पहले, जनवरी 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में भी वे नहीं खेले थे (चोट के कारण), जो विराट कोहली की कप्तानी में भारत का आखिरी टेस्ट मैच था। इसके अलावा, 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दूसरे टेस्ट (विशाखापत्तनम) में आराम दिए जाने के बाद से, सिराज ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए हर मैच खेला था।
कांग्रेस सांसद ने लगाए थे गंभीर आरोप
SENA देशों में भारत की कई यादगार जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सिराज को बाहर करने के फैसले के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया है कि भारतीय टीम के इस अनुभवी तेज गेंदबाज को बाहर करने के पीछे सांप्रदायिक कारण थे।
बीसीसीआई ने किया कोच और कप्तान का बचाव
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान गिल का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने कहा कि अगर सिराज खेले होते, तो भी मैच का नतीजा अलग नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें करना खुद खिलाड़ी के लिए भी ठीक नहीं है।
ANI से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, "ऐसा नहीं है कि टेस्ट मैच सिर्फ इसलिए ड्रॉ हुआ क्योंकि सिराज नहीं खेल रहे थे। मुझे नहीं लगता कि सिराज को इस तरह के विवादों में घसीटा जाना चाहिए। उनके बारे में इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए। आखिरकार, वह टीम का हिस्सा हैं - और टीम में चुना जाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।"
उन्होंने आगे कहा, "उन्हें टीम में तो चुना गया था, लेकिन मैदान पर कौन से 11 खिलाड़ी उतरेंगे, यह फैसला कोच और कप्तान पर निर्भर करता है। वे पिच की स्थिति और अन्य कई बातों को ध्यान में रखकर यह तय करते हैं। सिर्फ इसलिए कि कोई खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हो पाया, इसे लेकर राजनीतिक या अन्य तरह के विवाद खड़े करना सही नहीं है। यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है, और वह खुद भी निश्चित रूप से ऐसा नहीं चाहेंगे। प्लेइंग इलेवन के बारे में फैसला पूरी तरह से कोच और कप्तान पर छोड़ देना चाहिए। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि इस बात को इतना तूल दिया जाना चाहिए।"
