पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच धर्मशाला में खेला जाने वाला मुकाबला खराब रोशनी के कारण रद्द हो गया। पंजाब किंग्स का स्कोर जब 10.1 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 122 रन था, तभी खराब रोशनी के कारण मैच रोक देना पड़ा। रिपोर्ट्स के हवाले से ऐसा कहा जा रहा है कि ब्लैकआउट होने के कारण स्टेडियम की लाईट्स चली गई जिसके बाद मुकाबला रद्द कर दिया गया।
दिल्ली और पंजाब किंग्स (साभार-X)
इसके बाद जल्द ही धर्मशाला के मैदान को खाली भी करा लिया गया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘दर्शकों में कोई घबराहट नहीं थी। उन्हें (दर्शकों और खिलाड़ियों को) बहुत सावधानी से और सुरक्षित रूप से स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को धर्मशाला से बाहर निकालने के लिए एक विशेष ट्रेन का इंतजाम करेगी। इस पूरे घटनाक्रम पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की भी प्रतिक्रिया आ गई है।
राजीव शुक्ला ने कहा ''हम सभी को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए धर्मशाला के नजदीक से एक विशेष ट्रेन का प्रबंध कर रहे हैं। फिलहाल मैच रद्द कर दिया गया है और स्टेडियम को खाली करा लिया गया है। हम कल की स्थिति के आधार पर टूर्नामेंट के भविष्य पर फैसला लेंगे। फिलहाल खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। स्थिति के कारण आज रात मैच जारी नहीं रखा जा सकता था। यह सुरक्षित नहीं था।' फिलहाल दोनों टीमों के खिलाड़ी अपने होटल पहुँच गए हैं और अब वह बीसीसीआई के आगे के दिशानिर्देंशों के बाद कुछ करेंगे।
