IND vs PAK: टीम इंडिया के खिलाफ वनडे में बाबर आजम ने फिर टेके घुटने, हार्दिक पांड्या ने किया शिकार [VIDEO]

Babar Azam vs India: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम ने भारतीय टीम के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में एक बार फिर घुटने टेक दिए और बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। आइए जानते हैं बाबर का टीम इंडिया के खिलाफ रिकॉर्ड?

दुबई: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम ने भारत के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इमाम उल हक के साथ पाकिस्तान की पारी की शुरुआत करने उतरे बाबर ने कुछ अच्छे शॉट खेले और टीम को बगैर किसी नुकसान के 41 रन तक पहुंचाया। लेकिन इसके बाद हार्दिक पांड्या ने उन्हें ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर ड्राइव करने के लिए मजबूर किया। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर केएल राहुल के दस्तानों में समा गई और बाबर को 23(26) रन की पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटना पड़ा। बाबर ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके जड़े।

Babar Azam

बाबर आजम

भारत के खिलाफ 9 वनडे में जड़ सके एक अर्धशतक

वनडे क्रिकेट में बाबर की टीम इंडिया के खिलाफ नाकाम की ये पहला किस्सा नहीं है। इससे पहले भी वो कई बार अच्छी शुरुआत करने बाद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। बाबर भारत के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में 9 मैच की 8 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 30.12 के औसत और 76.26 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बना सके हैं। जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। ये पारी बाबर ने साल 2023 के विश्व कप के दौरान अहमदाबाद में खेली थी। भारत के खिलाफ बाबर 8, 46, 47, 9, 48, 10, 50 और 23 रन बना सके। तीन बार बाबर अर्धशतक के करीब पहुंचे लेकिन इन पारियों को बड़ा नहीं कर सके।

End of Feed