Axar Patel Catch Video: इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में यूं तो टीम इंडिया को अक्षर पटेल से शानदार गेंदबाजी की दरकार थी, लेकिन उससे पहले उन्होंने फील्डिंग में ऐसा कारनामा कर दिया, जिसको फैंस सालों तक नहीं भूल पाएंगे। इस मुकाबले में जब टीम इंडिया को ब्रैकथ्रू की जरुरत थी, उस वक्त अक्षर पटेल ने ऐसा कमाल का कैच पकड़ा कि क्रिकेट लवर्स को 1983 वनडे वर्ल्ड कप के कपिल देव याद आ गए। यह कैच किसी और का नहीं बल्कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का था, जो इस टी20 वर्ल्ड कप में अद्भुत फॉर्म में हैं। अक्षर ने यह कैच पकड़कर न केवल हैरी ब्रूक को हतप्रभ कर दिया बल्कि इंग्लैंड की बल्लेबाजी को सबसे बड़ा झटका दिया और टीम इंडिया की जीत की नींव रख दी।
अक्षर पटेल वीडियो (साभार-X)
5वें ओवर में आउट हुए ब्रूक
4 ओवर में इंग्लैंड की टीम 1 विकेट के नुकसान पर 38 रन बना चुकी थी। क्रीज पर हैरी ब्रूक और जोस बटलर बल्लेबाजी कर रहे थे जो इंग्लैंड की सबसे अहम जोड़ी मानी जाती है, लेकिन जैसे ही सूर्यकुमार यादव ने गेंद अपने सबसे बड़े एक्स फैक्टर जसप्रीत बुमराह को सौंपी, उन्होंने पहली ही गेंद में अपना काम कर दिया। हैरी ब्रूक ने हवा में शॉट खेला और प्वाइंट के पीछे खड़े अक्षर पटेल ने 25 मीटर भागकर गेंद पर नजरें बनाई रखी और एक ऐसा कैच पकड़ा जो सालों तक याद रहेगा। ब्रूक को भी यकीन नहीं हुआ कि अक्षर पटेल ने यह कैच पकड़ लिया। अक्षर ने जैसी ही कैच पकड़ा डगआउट में बैठे कोच गौतम गंभीर खुशी से उछल पड़े। इनफॉर्म ब्रूक 6 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हो गए, और इंग्लैंड ने 38 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया।
फैंस को याद आए कपिल देव
अक्षर पटेल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस इस कैच की तुलना 1983 वनडे वर्ल्ड कप में लिए गए कपिल देव के कैच से करने लगे, जब कपिल देव ने पीछे भागते हुए विवियन रिचर्ड्स का कैच पकड़ा था और टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन के 89 और शिवम दुबे के 43 रन की दमदार पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। नॉकआउट में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
