
AUS vs ENG Match Highlights: ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड मैच बारिश के कारण रद्द, दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला
AUS vs ENG Match Highlights: गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया है। इस मुकाबले का टॉस भी नहीं हो पाया। दोनों ही टीमों के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिहाज से यह मैच महत्वपूर्ण था। इस मुकाबले में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इंग्लैंड की टीम तीन मैचों में तीन अंक के साथ ग्रुप-1 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के भी तीन मैचों में 3 अंक है, लेकिन वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। याद दिला दें कि इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया, लेकिन दूसरे मैच में वो उलटफेर का शिकार हुई और आयरलैंड के हाथों डकवर्थ लुईस पद्यति नियम के कारण 5 रन से शिकस्त झेली। वहीं आरोन फिंच के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलिया को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से 89 रन की शिकस्त मिली। इसके बाद कंगारू टीम ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया। याद दिला दें कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अब तक 24 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इंग्लैंड ने 11 मैच जीते जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 10 जीत दर्ज की। तीन मैचों का नतीजा नहीं निकला। दोनों टीमों के बीच मेलबर्न में चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए और यहां तीन मैचों में ऑस्ट्रेलिया जीता। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में चार भिड़ंत हो चुकी है, जिसमें इंग्लैंड ने दो जबकि ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच जीता। एक मैच का नतीजा नहीं निकला।