ब्रिस्बेन: ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को ब्रिस्बेन में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 में 31 रन के अंतर से मात देकर दो मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। शुक्रवार को खेले गए सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में मेहमान वेस्टइंडीज की टीम 8 विकेट पर 147 रन बना सकी। डेविड वॉर्नर को उनकी धमाकेदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वॉर्नर ने की धमाकेदार बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और पहला विकेट दूसरे ओवर में कैमरूम ग्रीन के रूप में झटक लिया। ग्रीन 1 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने कप्तान आरोन फिंच उतरे। इसके बाद डेविड वॉर्नर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। वॉर्नर ने 30 गेंद में 8 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।100 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने गंवा दिए थे 4 विकेट
ऐसे में ओबेद मेकॉय ने आरोन फिंच को कैच कराकर दूसरे विकेट के लिए हुई 85 रन की साझेदारी को तोड़ दिया। फिंच ने 19 गेंद में 15 रन बनाए। इसके चार गेंद बाद डेविड वॉर्नर भी 41 गेंद पर 75 रन बनाकर आउट हो गए। ओडेन स्मिथ की गेंद पर वो फॉलो थ्रू में लपके गए। इसके बाद ग्लैन मैक्सवेल भी 1 रन बनाकर रन आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर अचानक 4 विकेट पर 100 रन हो गया।टिम डेविड ने फिर खेली आतिशी पारी
ऐसे में स्टीव स्मिथ और टिम डेविड ने मोर्चा संभाला। एक छोर पर स्मिथ खड़े रहे और टिम डेविड दूसरे छोर से हमला करते गए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 56 रन जोड़े। मैकॉय ने टिम डेविड की आतिशी पारी का अंत कर दिया। उन्होंने 20 गेंद में 42 रन बनाए। जब वो आउट हुए तब टीम का स्कोर 5 विकेट पर 156 रन था। उसके बाद अंत में ऑस्ट्रेलिया की टीम 7 विकेट पर 178 रन बनाने में सफल हुई। वेड16 और स्मिथ ने 17 रन बनाकर आउट हुए। पैट कमिंस 1 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट अल्जारी जोसेफ ने लिए। 2 विकेट ओबेद मेकॉय के खाते में गए। एक सफलता ओडेन स्मिथ को मिली।पहले ही ओवर में विंडीज ने गंवाया विकेट
जीत के लिए 179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की शुरुआत भी खराब रही और पारी की पांचवीं गेंद पर ही काइल मेयर्स मिचेल स्टार्क की गेंद पर फॉलो थ्रू में लपके गए। इसके बाद जॉनसन चार्ल्स और ब्रेंडन किंग की जोड़ी ने टीम को 50 रन के पार पहुंचाया लेकिन आठवें ओवर में 56 के स्कोर पर एडम जंपा ने किंग स्टंपिंग कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 18 गेंद में 23 रन बनाए।किंग के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान निकोलस पूरन भी जल्दी पवेलियन लौट गए। उन्हें स्टार्क ने फिंच का हाथों लपकवाया। वो 3 गेंद में 2 रन की पारी खेल सके। इसके थोड़ी देर बाद एक छोर थामे खड़े जॉनसन चार्ल्स भी ग्रीन की गेंद पर वेड के हाथों लपके गए। उन्होंने 30 गेंद पर 29 रन बनाए।
नाकाम रही पॉवेल और होल्डर की साझा कोशिश
10.3 ओवर में 73 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज के लिए जीत मुश्किल नजर आ रही थी। विकेट पर जेसन होल्डर और रोवमैन पॉवेल थे। दोनों ने टीम को 92 रन तक पहुंचाया। लेकिन होल्डर को स्टार्क ने आउट करके तीसरा विकेट अपने नाम किया। अंत में रोवमैन पॉवेल और अकील हुसैन की जोडी ने थोड़ी देर संघर्ष किया और दोनों पैट कमिंस का शिकार होकर पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही विंडीज की हार तकरीबन तय हो गई। अंत में पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बना सकी। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्स सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने चार विकेट चटकाए। वहीं 2 विकेट पैट कमिंस के और एक-एक विकेट ग्रीन और जंपा के खाते में गया।
