स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आगामी भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय स्क्वाड में अनुभवी तेज गेंदबाज टेलर व्लाएमिनक और डार्सी ब्राउन की लंबे समय बाद वापसी हुई। सितंबर महीने से शुरू हो रहे इस 3 हफ्ते के दौरे में ऑस्ट्रेलिया-ए टीम न्यू चंडीगढ़ में 3 T20, मोहाली में 3 वनडे और धर्मशाला में एक 4-दिवसीय टेस्ट मैच खेलेगी।
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ए विमेंस टीम का ऐलान। फोटो- क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की रिलीज के अनुसार, 27 साल की तेज गेंदबाज टेलर व्लाएमिनक चोट के बाद अंतरराष्ट्रीय सेटअप में वापसी करेंगी। वह कंधे, पैर और घुटने की चोट से काफी परेशान रही हैं। साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण वह टीम से बाहर हो गईं थी। इसके चलते उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी हाथ थोना पड़ा।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव का फायदा
हालांकि, व्लाएमिनक अब पूरी तरह से फिट हो गई हैं। वह भारत के खिलाफ वनडे और टी20 में जलवा बिखेरने को तैयार हैं। वहीं, 23 साल की डार्सी ब्राउन टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में अपनी जगह नहीं बना सकीं थी, लेकिन ए टीम के साथ वह वापसी करने को तैयार हैं। उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए मददगार साबित हो सकता है।
3 अलग-अलग कप्तान
भारत दौरे के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए हैं। टी20 सीरीज के लिए निकोल फॉल्टम को, वनडे सीरीज के लिए तहलिया विल्सन को और टेस्ट मैच के लिए राचेल ट्रेनामैन को कप्तान नियुक्त किया है।
ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम के भारत दौरे का पूरा शेड्यूल-
पहला T20: 12 सितंबर (न्यू चंडीगढ़)
दूसरा T20: 15 सितंबर (न्यू चंडीगढ़)
तीसरा T20: 17 सितंबर (न्यू चंडीगढ़)
पहला वनडे: 20 सितंबर (मोहाली)
दूसरा वनडे: 23 सितंबर (मोहाली)
तीसरा वनडे: 25 सितंबर (मोहाली)
4-दिवसीय टेस्ट मैच: 29 सितंबर से 2 अक्टूबर (धर्मशाला)
भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए महिला स्क्वाड
डार्सी ब्राउन, मैटलान ब्राउन, निकोल फाल्टम, टेस फ्लिंटॉफ, सियाना जिंजर, चार्ली नॉॉट, अनिका लियारॉयड, केटी मैक, लिली मिल्स, फ्रेंकी निकलिन, हेले सिल्वर-होम्स, राचेल ट्रेनामैन, कोर्टनी वेब, तहलिया विल्सन, टेलर व्लाएमिनक।
