स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जालंधर के राम नगर में छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाने वाले होती राम के बेटे अर्जुन राजपूत ने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद अर्जुन ने कभी हार नहीं मानी और अब वह जुलाई में श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अर्जुन राजपूत को अंडर-19 टीम इंडिया में मिली जगह। फाइल फोटो
अगले महीने 4 जुलाई को टीम श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी। जहां यह जालंधर का लड़का देश की नीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगा। परिवार ने उम्मीद जताई है कि घर का लाल मैदान पर टीम इंडिया के लिए रन के साथ विकेट भी चटकाएगा। अर्जुन लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज और राइट-आर्म ऑफ स्पिनर हैं।
कोच विक्रम सिद्धू का मिला साथ
अर्जुन ने क्रिकेट की शुरुआत हरभजन सिंह क्रिकेट अकादमी से की थी। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कोच विक्रम सिद्धू का साथ मिला। कोच की सीख ने उनके हौसले को और मजबूत किया।
हरभजन एकेडमी की प्रैक्टिस
अर्जुन राजपूत कहते हैं, मैंने 8-9 साल की उम्र में हरभजन एकेडमी से शुरुआत की थी। यह सफर बहुत अच्छा रहा और मेरे कोच ने मुझे बहुत सपोर्ट किया। जब एकेडमी बंद हो गई तो मुझे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। क्योंकि मुझे प्रैक्टिस करने के लिए कोई जगह नहीं मिल रही थी।
श्रीलंका में खेलने को बेताब
उन्होंने आगे कहा, मेरे माता-पिता ने मुझे बहुत सपोर्ट किया। जब मेरे पिता ने क्रिकेट में मेरी दिलचस्पी देखी, तो उन्होंने मेरा साथ दिया। हरभजन सिंह ने भी मुझे बहुत सपोर्ट किया, मैं उनके ग्राउंड पर खेलता था। उन्होंने मेरी पढ़ाई में भी मेरी मदद की। टीम में चुने जाने पर मुझे बहुत खुशी हुई। मैं खेल के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
भारत की U-19 वनडे टीम:-
यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), विनीत वीके, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुतकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शविन वी, काव्य परेश पटेल, मोहित उलवा, ईशान सूद।
