स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। सोमवार को दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 41 गेंद पर धुआंधार 85 रन बनाए, जिससे कर्नाटक ने 49 ओवर में चार विकेट पर 418 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत के पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे, 17 वर्षीय अन्वय ने अपनी पारी के दौरान 207.32 के स्ट्राइक रेट से पांच छक्के और सात चौके जड़े।
अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में मचाया धमाल। फोटो- BCCI
अन्वय की यह पारी शनिवार को चंडीगढ़ के खिलाफ कर्नाटक की 100 रन की जीत में खेली गई 62 गेंद पर 104 रन की पारी के ठीक दो दिन बाद आई। विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय कर्नाटक के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को आक्रामक अंदाज के साथ बखूबी निभाया है, जिससे उनके खेल में एक नया आयाम जुड़ा है।
अन्यव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
सोमवार को, ध्रुव कृष्णन द्वारा दिल्ली के गेंदबाजों की पिटाई करने के बाद अन्वय ने कर्नाटक के विशाल स्कोर को शानदार ढंग से आगे बढ़ाया। कृष्णन ने सिर्फ 51 गेंदों पर 103 रन बनाए और विशाखापत्तनम में कर्नाटक को 400 रन के आंकड़े के पार पहुंचाने के लिए मजबूत आधार तैयार किया।
घरेली क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उनके इंडिया अंडर-19 करियर की शानदार शुरुआत के बाद आया है। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ इंडिया के यूथ वनडे टूर के दौरान अन्वय ने अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने हंबनटोटा में खेले गए दूसरे मैच में 67 गेंद पर 87 रन बनाए। इस पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल था।
सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में भी उन्होंने वही फॉर्म जारी रखी। राजकोट में बारिश से प्रभावित पहले मैच में, अन्वय ने सिर्फ 18 गेंद पर 38 रन बनाए। वीनू मांकड़ ट्रॉफी से अपने खेल को बेहतर बनाने का एक और मौका मिलने के साथ, अन्वय ने सीजन की अच्छी शुरुआत की है।
सहवाग के बेटे ने बनाए 32 रन
मैच की करें तो 419 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली अंडर-19 टीम ने खबर लिखे जाने तक 32 ओवर के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए थे। दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग के कंधों पर है। आर्यवीर 35 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हो गए।
