भारतीय महिला टीम एशिया कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। उसने अब तक सर्वाधिक 7 बार यह ट्रॉफी उठाई है, लेकिन इस बार परिस्थिति अलग है। एशिया कप दुबई में खेला जा रहा है जहां खिलाड़ियों को गर्मी और उमस जैसे चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। कोच अमोल मजूबदार का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं। भारत ने इस साल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ गंवाए हैं। विदेशी दौरों और बड़े टूर्नामेंटों में भी टीम के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। लेकिन कोच ने इसके बारे में सोचने से बचने के लिए कहा है। उन्होंने कहा हालिया प्रदर्शन को नजरअंदाज करते हुए इस युवा टीम को आक्रामक क्रिकेट खेलकर अगले छह महीनों के लिए मजबूत आधार तैयार करना होगा। कोच का मानना है कि टीम को अपने प्रदर्शन से ज्यादा गलतियों पर सुधार की गुंजाइश पर ध्यान देना चाहिए।
अमोल मजूमदार (साभार-X)
उन्होंने मैच से एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ’’यह युवा टीम है और इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य अगले छह महीनों के लिए सही शुरुआत करना है।’’ भारतीय टीम रविवार को महिला टी20 एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इससे पहले कोच मजूमदार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा 'टीम के पास अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं और अभ्यास के दौरान पिच से भी स्पिनरों को कुछ मदद मिलती दिखी है। ऐसे में टीम को इसका फायदा उठाने की उम्मीद है।’’
बाहर के शोर को करें नजरअंदाज
5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होना है। इस मुकाबले को लेकर चर्चा अभी से शुरू हो गई है। इस पर सवाल पूछे जाने पर मजूमदार ने कहा कि टीम का ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है। उन्होंने कहा, मैदान के बाहर की चीजों पर खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका पूरा फोकस रविवार के मुकाबले पर है और जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा, तब उसके बारे में बात की जाएगी।’’
एशियन गेम्स से भी बाहर हुई जेमिमा
दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स महिला टी20 एशिया कप के साथ-साथ आगामी एशियाई खेलों में भी नहीं खेल पाएंगी।
मजूमदार ने कहा, ’’जेमिमा टीम की अहम खिलाड़ी हैं और उनकी कमी काफी खलेगी। बीसीसीआई के ’सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में जेमिमा की चोट से उबरने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। उनकी गैरमौजूदगी में हालांकि टीम में शामिल दूसरी खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेंगी।’’
