Akash Singh Chit Celebration: लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने शुक्रवार को IPL में ऐसा डेब्यू किया जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में आकाश ने चार ओवर में सिर्फ 26 रन देकर तीन बड़े विकेट झटके। लेकिन विकेट से ज्यादा चर्चा उनके अनोखे 'पेपर नोट सेलिब्रेशन' की हो रही है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। वहीं पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू और डेल स्टेन को ये अंदाज रास नहीं आया।
आकाश सिंह (IPL/BCCI)
आकाश सिंह ने CSK की तोड़ी थी कमर
इस सीजन अपना पहला IPL मैच खेल रहे आकाश सिंह ने पावरप्ले में ही CSK की कमर तोड़ दी। उन्होंने पहले कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और फिर ओपनर संजू सैमसन को पवेलियन भेजा। विकेट लेने के बाद आकाश ने जेब से एक मुड़ा हुआ कागज निकाला और उसे भीड़ और कैमरों की तरफ लहराया। उस चिट पर लिखा था - 'अक्की आग उगल रहे हैं - आकाश को पता है कि T20 गेम में विकेट कैसे लेने हैं।' आकाश ने ये सेलिब्रेशन मैच में दो बार किया और देखते ही देखते ये क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फैंस ने इसे 'स्वैग' बताया तो कुछ ने ओवरएक्टिंग कहा।
रायडू बोले- 'एग्जाम हॉल में चिट नहीं लाते'
पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू को आकाश का ये अंदाज बिल्कुल पसंद नहीं आया। क्रिकइंफो के टाइम आउट शो में उन्होंने मजाकिया लहजे में कटाक्ष करते हुए कहा कि मैदान पर इस तरह की चिट अलाउड नहीं होनी चाहिए। रायडू बोले, "मुझे लगता है ये उनका दिखावा है। हो सकता है कई लोगों को पसंद न आए। ये थोड़ा मजेदार और थोड़ा बकवास है। मुझे लगता है कि उन्हें इस तरह के चिट्स पर बैन लगा देना चाहिए। ये बिल्कुल बकवास है। मेरा मतलब है, आपको एग्जाम हॉल में चिट्स लाने की इजाजत नहीं होती।"
डेल स्टेन ने भी साधा निशाना
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी एक्स पर इस सेलिब्रेशन पर तंज कसा। हालांकि स्टेन ने सीधे आकाश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका पोस्ट LSG पेसर के वायरल सेलिब्रेशन के तुरंत बाद आया। स्टेन ने लिखा, "पेपर्स को दूर रखने का समय आ गया है। यह अब ट्रेंड नहीं कर रहा है। सच कहूं तो, कभी था ही नहीं।"
