IND vs AFG: अफगानिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक भारतीय टीम के खिलाफ टी20 सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं। लगभग दो साल तक चोट के कारण मैदान से दूर रहे नवीन अब पूरी तरह फिट हैं और भारत के खिलाफ अपना जलवा दिखाने को बेताब हैं। नवीन का पिछला दो साल किसी बुरे सपने से कम नहीं था। लगातार चोटों ने उन्हें क्रिकेट से दूर कर दिया था। क्रिकइन्फो से बात करते हुए उन्होंने अपने रिहैब के दर्द को साझा किया। उन्होंने बताया कि स्ट्रेस फ्रैक्चर तो 8-10 हफ्ते में ठीक हो गया था, लेकिन कंधे की लैब्रम इंजरी के लिए उन्हें दूसरी सर्जरी करानी पड़ी। UK में रिहैब के शुरुआती 6 हफ्ते उनके लिए सबसे कठिन थे, जब उन्हें सोते हुए भी बैठकर रहना पड़ता था।
नवीन उल हक (फोटो साभार- ICC)
मात्र 17 की उम्र में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
2016 में महज 17 साल की उम्र में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले नवीन ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान को पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। 2024 टी20 वर्ल्ड कप में वह अफगानिस्तान के हीरो थे, जहां उन्होंने 6 की इकॉनमी से 13 विकेट लेकर टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वह टीम में चुने भी गए थे, लेकिन कंधे में फिर से स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण बाहर हो गए। अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डबल सुपर ओवर वाला रोमांचक मैच देखकर उनका दिल टूट गया था। उन्हें लगा कि अगर वह होते तो डेथ ओवर्स में कुछ अलग कर सकते थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- तीन छक्के जड़ते ही सहवाग का रिकॉर्ड तहस-नहस कर देंगे वैभव सूर्यवंशी
डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट के तौर पर वापसी
अब 26 साल के नवीन डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट के तौर पर वापसी कर रहे हैं। अफगानिस्तान ने भारत को छोड़कर हर टेस्ट नेशन को हराया है और इस बार नवीन इस रिकॉर्ड को बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा टीम के 9-10 खिलाड़ी 2018 से उनके साथ हैं, जब वे साथ में अंडर-19 खेलते थे। गुरबाज, अजमतुल्लाह और मुजीब जैसे साथी अब उनके साथ सीनियर टीम में हैं।नवीन ने कहा, "हमें जितना हो सके क्रिकेट खेलना चाहिए, एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा। मैदान पर उतरना है, दबाव महसूस करना है।"
