नई दिल्ली: भारत के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को अपनी टीम का ऐलान कर दिया। प्रशंसकों को भारतीय टीम के ऐलान का बेसब्री से इंतजार था लेकिन उससे पहले अफगानिस्तानी टीम का ऐलान हो गया।
अफगानिस्तान की कमान इब्राहिम जादरान के हाथों में सौंपी गई है। टीम में राशिद खान और मोहम्मद नबी जैसे सीनियर अनुभवी स्टार खिलाड़ी भी हैं। पूर्व कप्तान गुलबदीन नायब भी टीम में शामिल किए गए हैं। वनडे से संन्यास ले चुके नवीन उल हक को भी टीम में शामिल किया गया है। अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम घोषित की है। जिसमें उसके सभी खिलाड़ी हैं।
अब कमजोर टीम नहीं अफगानिस्तान
एसीबी अध्यक्ष मीरवाइस अशरफ ने टीम के ऐलान के बाद कहा, हमें तीन मैचों की सीरीज के लिए अपने पहले भारत दौरे पर आने की खुशी है। भारत दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम है और अफगानिस्तान को उनके खिलाफ तीन मैचों की T20I में अच्छा करते देखना बहुत सुखद है। हमारा मानना है कि अफगान टीम अब कमजोर नहीं है और उसने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है और हम भारत के खिलाफ अच्छी सीरीज की उम्मीद करते हैं।'
ऐसा है टी20 सीरीज का कार्यक्रम
भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज 11 जनवरी को मोहाली में होगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला इंदौर में 14 जनवरी को और तीसरा मुकाबला बेंगलुरू के 17 जनवरी को खेला जाएगा।
