आईपीएल 2026 में जीत के रास्ते पर वापसी कर चुकी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। बीती रात हार झेलने के बाद GT की टीम केवल एक दिन के ब्रेक के बाद वापस मैदान में होगी। सीएसके के लिए सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या एमएस धोनी की वापसी होगी? हालांकि, पिछले मैच में बड़ी विशाल जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा। सीएसके ने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, गुजरात ने भी अब तक 7 मैच खेले हैं। उसे भी 3 मैच में जीत और 4 मैच में हार मिली है।
सीएसके बनाम जीटी पिच रिपोर्ट
आईपीएल में दोनों टीमों के बीच 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान CSK को 4 मैच में जीत मिली है। GT ने भी 4 मुकाबले अपने नाम किए हैं। आईपीएल 2025 में दोनों के बीच एक मैच हुआ था। उसको CSK ने 83 रन से जीता था। आईपीएल 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच हुए थे। पहले मैच में GT को 35 रन से जीत मिली थी। दूसरा मुकाबला CSK ने 63 रन से जीता था।
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच का मिजाज
चेन्नई की पिच लाल मिट्टी से बनी है जो आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है जो मैच आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए नजरें जमाने होती है। आईपीएल में यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन है। चेपॉक की पिच पर स्पिनर का बोलबाला रहता है। चेन्नई की टी में नूर अहमद और अकील हुसैन गजब की फॉर्म में हैं। गुजरात के खिलाफ उनका प्रदर्शन देखने लायक होगा।
कैसा होगा चेन्नई का मौसम?
एक्यूवेदर के मुताबिक, 26 अप्रैल को चेन्नई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से परेशानी हो सकती है। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
आईपीएल के 37वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन पर सभी की निगाहें होंगी। संजू ने पिछले 8 मुकाबलों में 171.28 की स्ट्राइक रेट से 334 रन बनाए हैं। वहीं, गुजरात की तरफ से साई सुदर्शन की बल्लेबाजी देखने लायक होगी। साई ने पिछले 10 मैचों में 154.5 की स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए हैं। गिल के बल्ले से पिछले 9 मैच में 346 रन निकले हैं। चेन्नई की तरफ से गेंदबाजी में अंशुल ने पिछले 10 मैच में 19 विकेट चटकाए हैं। नूर के नाम 10 मैच में 14 विकेट है। गुजरात के लिए रबाडा ने पिछले 8 मैच में 10 विकेट लिए हैं।
