हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भारत के पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपियन विरेन रास्किन्हा ने हॉकी इंडिया के उस फैसले पर सवाल उठाए हैं जिसमें भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम को नारंगी जर्सी पहननी है। उन्होंने कहा कि टीम की पहचान और विरासत हमेशा से नीले रंग से जुड़ी रही है। पूर्व ओलंपियन की यह टिप्पणी तब आई जब हॉकी इंडिया ने आने वाले FIH पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप से पहले सीनियर पुरुष और महिला टीमों के लिए नई जर्सी का अनावरण किया। पुरुषों का टूर्नामेंट बेल्जियम और नीदरलैंड में 14 से 30 अगस्त तक होना है, जबकि महिलाओं का टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक होगा।
विरेन रास्किन्हा और प्रियंका गांधी वाढरा ने भारतीय हॉकी टीम की नारंगी जर्सी पर उठाए सवाल (Instagram/X/ANI)
सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए विरेन ने लिखा, "मुझे कहना होगा कि हॉकी इंडिया ने (हॉकी के लिए) कई अच्छे काम किए हैं। लेकिन ये शर्मनाक है। भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा से नीला रंग रही है। मैंने कई सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है। फैंस हमारी भारतीय टीम को नीले रंग में देखना चाहते हैं। नारंगी रंग का क्या लॉजिक है?"
प्रियंका गांधी ने भी उठाए सवाल
क्रांगेस सांसद प्रियंका गांधी वाढरा ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए पोस्ट किया है, उन्होंने लिखा, "चाहे वे यूनिफॉर्म बदलें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे कुछ भी करें... आपने देखा है कि हमारे देश के युवा इस बारे में क्या सोचते हैं। आपने सुना कि जंतर-मंतर पर जमा युवा क्या कह रहे थे। यह देश की आवाज है।"
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 और भारतीय हॉकी का इतिहास
इस बार हॉकी विश्व कप में भारत को इंग्लैंड, वेल्स और कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ पूल D में रखा गया है। 1975 में फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब जीतने के बाद से भारत वर्ल्ड कप की जीत से दूर रहा है। भुवनेश्वर में हुए 2023 के टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहने के बाद, भारत अब लगातार दो ओलंपिक ब्रॉन्ज़ मेडल, एशिया कप का खिताब, दो एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी जीत और एशिया कप में गोल्ड मेडल जीतने के आत्मविश्वास के साथ गोल्ड मेडल घर लाने की कोशिश करेगा। भारतीय महिला टीम 16 अगस्त को चीन के खिलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद पूल D में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के साथ मैच खेलेगी।
भारतीय महिला हॉकी कप्तान को तैयारियों पर पूरा भरोसा
भारतीय महिला हॉकी टीम के रवाना होने से पहले, कप्तान सलीमा टेटे ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा, "पूरी टीम आने वाली चुनौती के लिए तैयार है। हमारी ट्रेनिंग अच्छी रही है, और अब उस लय को प्रैक्टिस मैचों और फिर वर्ल्ड कप में भी बनाए रखना है। अपने पहले मैच में चीन का सामना करना एक अहम परीक्षा होगी, और हम टूर्नामेंट की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करना चाहते हैं। एक टीम के तौर पर, हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
