टोरंटो: फीफा विश्व कप 2026 के सह मेजबान कनाडा ने अपने अभियान की शुरुआत ड्रॉ के साथ की। शुक्रवार को बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ ग्रुप बी के पहले मुकाबले में कनाडा की टीम स्ट्राइकर साइल लैरिन के गोल की मदद से मैच को 1-1 की बराबरी पर समाप्त करने में सफल रहा। कनाडा की टीम मुकाबले में अपने कप्तान अल्फांसो डेविस के बगैर खेलने उतरी थी जो हैमस्ट्रैंग इंजुरी से उबर नहीं सके हैं। मैच में बोस्निया-हर्जेगोविना ने 21वें मिनट में जोवो लुकिच के शानदार गोल की बदौलत बना ली थी। लेकिन 78वें मिनट में साइल लैरिन ने अपनी टीम को गोल करके 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद अंत तक कोई गोल नहीं हुआ। दोनों टीमें अंक बांटने में सफल हुईं। कनाडा की टीम विश्व कप के इतिहास में पहली बार अंक तालिका में अपना खाता खोलने में सफल हुई।
कनाडा बनाम बोस्निया-हर्जेगोविना
53वें मिनट में कनाडा ने गंवाया बराबरी का मौका
मैच में शानदार शुरुआत करने के बाद बोस्निया ने 21वें मिनट गोल करके 1-0 की बढ़त बना ली थी। जोवो लुकिच ने कॉर्नर से मिले फ्लिक-ऑन पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल किया। शुरुआत में ही पिछड़ने के बाद कनाडा ने जबरदस्त वापसी की और 53वें मिनट में रिची लारिया के शानदार प्रयास के जरिए मैच में बराबरी करने के करीब पहुंच गया था लेकिन लेकिन बोस्निया के सेद कोलासिनाक ने चमत्कारिक ढंग से उनके शॉट को क्रॉसबार से टकराकर गेंद को गोल पोस्ट के अंदर दाखिल नहीं होने दिया।
कनाडा के हमले हुए नाकाम
कनाडा की टीम लगातार हमले करती रही, लेकिन कई मौके बनाने के बावजूद गोल करने में सफल नहीं हो रही थी। वहीं दूसरी तरफ बोस्नियाई खिलाड़ियों ने लगातार आ रहे क्रॉस को संभाला और जीत की ओर बढ़ते दिखे। लेकिन लारिन के मन में कुछ और ही था। मैच के 76वें मिनट में मैदान पर उतरते ही उन्होंने अपना असर दिखाया और तीन मिनट से भी कम समय में एक डिफ्लेक्टेड शॉट से गोल करके कनाडा को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। लारिन के गोल ने टोरंटो में मौजूद घरेलू दर्शकों को खुशी से झूमने पर मजबूर कर दिया।
1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ मैच
स्टॉपेज टाइम के आखिरी मिनट में कनाडा को एक आखिरी मौका तब मिला जब लारिया ने बॉक्स के बीच में लारिन को गेंद दी, लेकिन जैसे ही उन्होंने शॉट मारा, डिफेंडर तारिक मुहरेमोविच ने उस कोशिश को नाकाम कर दिया और गेंद को बाहर भेज दिया। अंत में मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। दोनों ही टीमें अंक तालिका में अपना खाता खोलने में सफल रहीं। मैच में 51 प्रतिशत समय कनाडा ने गेंद पर कब्जा रखा लेकिन इस दबदबे के बल पर जीत हासिल नहीं कर सकी। कनाडा के खिलाड़ियों ने 13 बार गोल करने का प्रयास किया जिसमें से चार टारगेट पर थे लेकिन टीम एक गोल करने में सफल रही। वहीं बोस्निया की टीम ने 8 बार गोल करने का प्रयास किया, तीन बार उनका निशाना गोल पोस्ट पर था लेकिन एक बार सफलता मिली।
