ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार की चोट का कैसा है हाल, अगले मैच में खेलेंगे या नहीं?

  • Agency by: भाषा
  • Updated Nov 25, 2022, 11:05 PM IST

ब्राजील के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी नेमार पिछले मुकाबले में चोटिल हो गए थे। उनकी एड़ी में चोट लगी थी और अब उनके स्विटजरलैंड और कैमरून के खिलाफ फीफा विश्व कप 2022 के मुकाबले में खेलने की संभावना भी बेहद कम नजर आ रही है।

दोहा: विश्व कप में सर्बिया पर ब्राजील की 2-0 की जीत के दौरान मैच के आखिरी क्षणों में नेमार के दाहिने टखने में चोट लग गई और वह दूसरा मैच नहीं खेल सकेंगे। ब्राजील टीम के चिकित्सक रोड्रिगो लैसमर ने कहा कि उनके दाहिने टखने के टेस्ट कराये गए हैं और चोट की वजह से वह सोमवार को स्विटजरलैंड के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे।

Nemar-Brazil

नेमार ब्राजील

दूसरे मुकाबले में नहीं खेलेंगे नेमार

उन्होंने कहा, 'संयम से काम लेने की जरूरत है। उसकी चोट पर रोज नजर रखी जायेगी ताकि सही फैसला लिया जा सके । वह टूर्नामेंट में आगे खेल सके, इसके लिये उसका पूरी तरह ठीक होना जरूरी है।' डिफेंडर डानिलो के बायें टखने में चोट है और वह भी दूसरा मैच नहीं खेल सकेंगे।

सर्बिया के खिलाफ हुए थे चोटिल

टेस्ट के बाद टीम होटल में नेमार का इलाज चल रहा है। सर्बिया के खिलाफ मैच के दौरान दूसरे हाफ में उन्हें चोट लगी। उन्हें बेंच पर रोते हुए देखा गया और बाद में वह लॉकर रूम में चले गए। बाद में नेमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कठिन मैच लेकिन जीत महत्वपूर्ण थी। टीम को बधाई। पहला कदम उठा लिया है। छह और बाकी है।' उन्होंने मैच के बाद इंस्टाग्राम पर लिखा, 'विश्वास रखें। विश्वास रखना जरूरी है कि सब ठीक होगा। अभी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाकी है।'

साल 2014 में भी नेमार हुए थे विश्व कप के दौरान चोटिल

ब्राजील के कोच टिटे ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नेमार विश्व कप में खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, 'नेमार इस विश्व कप में आगे और खेलेगा। मुझे यकीन है।' मार 2014 विश्व कप में भी चोटिल हुए थे। ब्राजील में खेले गये इस विश्व कप में कोलंबिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में पीठ की चोट दर्द के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हुए थे। इसके बाद ब्राजील को सेमीफाइनल में जर्मनी ने 7-1 से हराया था।

सर्बिया के खिलाफ मैच में नौ बार फाउल करने वाले नेमार दूसरे हाफ में चोटिल हो गए और 79वें मिनट में उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को मैदान पर उतारा गया। टिटे ने कहा कि चोटिल होने के बाद भी नेमार 11 मिनट तक मैदान पर डटे रहे। टिटे ने कहा, 'वह दर्द के साथ खेलता रहा क्योंकि टीम को उनकी जरूरत थी। मुझे उस समय उसके चोटिल होने का पता भी नहीं चला।'

End of Feed