स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को उनकी उपलब्धि के सम्मान में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने 50 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। गोलाघाट की इस चैंपियन मुक्केबाज के मंगलवार को असम पहुंचने के तुरंत बाद सरमा ने अपने कार्यालय में उनका अभिनंदन किया।
लवलीना को मिला 50 लाख का इनाम। फोटो- CMOfficeAssam
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बोरगोहेन ने अपने जन्मदिन दो अक्टूबर को महिलाओं के 75 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सरमा ने लोक सेवा भवन में ’ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में’ बोरगोहेन को 50 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।
पोस्ट में कहा गया, लवलीना की स्वर्णिम जीत देश के लिए बेहद गर्व की बात है और यह अगली पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी। राज्य सरकार की ओर से लवलीना का आधिकारिक अभिनंदन बुधवार को किया जाएगा।
अपने जन्मदिन पर रचा इतिहास
अपने 29वें जन्मदिन पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को भारतीय महिला मुक्केबाज व टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने एशियन गेम्स में कमाल करते हुए 75 किलोग्राम फाइनल में चीन की मुक्केबाज बाउ जीई को हराकर गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 5-0 से जजों की आम सहमति वाले फैसले के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी के साथ लवलीना ने 12 साल का सूखा भी खत्म कर दिया था।
मैरी कॉम ने जीता था मेडल
दरअसल, एशियन गेम्स महिला बॉक्सिंग में आखिरी गोल्ड मेडल 2014 में मैरी कॉम ने फ्लाइवेट वर्ग में जीता था। उसके बाद से महिला बॉक्सिंग में भारत इस शानदार मौके के लिए तरस गया था। फाइनल मुकाबले में लवलीना ने पहले राउंड में चीन की मुक्केबाज द्वारा आक्रमक रवैया अपनाने के बावजूद ये राउंड 3-2 से अपने नाम कर लिया।
5-0 से जीता था मुकाबला
इसके बाद दूसरे राउंड में लवलीना ने कुछ बेहद प्रभावी पंच लगाए जिसके दम पर इस राउंड में वो चीन की मुक्केबाज पर बहुत भारी पड़ीं और ये राउंड उन्होंने 4-1 से अपने नाम किया। इस तरह दो राउंड के बाद लवलीना 2-0 की अहम बढ़त ले चुकी थीं। अंतिम राउंड में बाउ जीई ने काफी पंच लवलीना की तरफ फेंके लेकिन ज्यादातर से लवलीना बचती निकलीं और जो पंच लवलीना ने लगाए वो सही जगह पर लगे, इसी कारण जजों ने अंतिम फैसला 5-0 से लवलीना के पक्ष में दिया।
इससे पहले, लवलीना ने बुधवार को एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की नतालिया बोगदानोवा को 3-2 के स्प्लिट फैसले से हराकर महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय बॉक्सर ने कड़े मुकाबले में बोगदानोवा की कड़ी चुनौती का सामना करते हुए गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह पक्की की थी।
