Asian Games 2023: भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए जिससे भारत का पदक पक्का हो गया। सरबजोत ने 291 स्कोर किया जबकि दिव्या का स्कोर 286 रहा । दोनों का कुल स्कोर 577 रहा और वे क्वालीफिकेशन में चीन से एक अंक आगे रहे। दो टीमें गोल्ड मेडल के लिये मुकाबला करेंगे। इसके साथ ही निशानेबाजी में भारत का 19वां मेडल पक्का हो गया।
सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस। (फोटो- SAI Media Twitter)
कुराश : पिंकी बलहारा क्वार्टर फाइनल में
जकार्ता एशियाई खेल 2018 की रजत पदक विजेता भारत की पिंकी बलहारा ने एशियाई खेलों की कुराश स्पर्धा में महिलाओं के 52 किलो क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पिंकी ने दक्षिण कोरिया की जो यि ली को 5-3 से हराया। इससे पहले उसने एशिरिन हेडारोवा को 5-0 से मात दी थी। भारत के बाकी खिलाड़ी हारकर बाहर हो गए। सुचिका तरियाल महिलाओं के 52 किलो वर्ग में अंतिम 32 से ही बाहर हो गई। उन्हें फिलीपींस की चार्मिया किलिनो ने 8-3 से हराया। वहीं पुरूषों के 66 किलोवर्ग में केशव को दक्षिण कोरिया के जेडियोग क्वोन ने 10-0 से मात दी।
आनंद और सिद्धांत स्पीड स्केटिंग 10000 मीटर में छठे और सातवें स्थान पर
भारत के आनंद कुमार वेलकुमार और सिद्धांत कांबले ने एशियाई खेलों में पुरूषों की स्पीडस्केटिंग 10000 मीटर फाइनल में क्रमश: छठा और सातवां स्थान हासिल किया। आनंद ने 15 : 40.978 और सिद्धांत ने 15 : 57.944 का समय निकाला। दक्षिण कोरिया के बायोनी जियोंग ने 15 : 39. 867 के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन के झांग झेनहाइ को रजत और कोरिया के चोइ इन्हो को कांस्य पदक मिला। महिलाओं के वर्ग में अराती कस्तूरी राज पांचवें और हीरल साधू सातवें स्थान पर रही। चीनी ताइपै की पेइ यू शिह को स्वर्ण और हो चेन यांग को रजत पदक मिला। दक्षिण कोरिया की यू गाराम को कांस्य पदक मिला।
