एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमन सेहरावत का मानना है कि वह लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय कुश्ती में सफलता का एक नया इतिहास लिख सकते हैं। अमन ने शुक्रवार को पीटीआई से बातचीत में कहा ,’’ मैं अब सिर्फ एक पदक के बारे में नहीं सोच रहा हूं। मेरा लक्ष्य स्वर्ण पदक है । मेरा मानना है कि मैं लॉस एंजिलिस ओलंपिक में भारत के लिये स्वर्ण पदक जीत सकता हूं। एशियाई खेलों के फाइनल में मेरा सामना विश्व चैम्पियन से था । मैने उसे हराया और अब उम्मीद है कि ओलंपिक स्वर्ण भी जीत सकता हूं।’’
अमन सहरावत (साभार-X)
उन्होंने कहा ,’’ मुझे देश में बहुत प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है । मैं स्वर्ण जीतने की कोशिश जरूर करूंगा । हर कोई मुझसे कह रहा है कि हमें पता था कि एशियाई खेलों में तुम स्वर्ण जरूर जीतोगे लेकिन अब ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है।’’ अमन ने कहा कि 57 किलो भारवर्ग में पदक जीतना और लंबे समय तक वह वजन बनाये रखना उनके लिये आसान नहीं था।
उन्होंने कहा ,’’ इस भारवर्ग में स्वर्ण जीतना आसान नहीं है । यह वजन बनाये रखना भी मुश्किल है। इसमें इतनी अधिक प्रतिस्पर्धा है।’’ एशियाई खेल 2026 में कुश्ती में स्वर्ण जीतने वाले अकेले भारतीय अमन ने कहा ,’’ मुझे पता है कि इस भारवर्ग में सर्वश्रेष्ठ में से मैं भी हूं। अब मेरा लक्ष्य विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप है। पिछली बार वजन थोड़ा अधिक होने से चूक गया था लेकिन इस बार वजन बरकरार रखकर पदक जीतूंगा।’’
