स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यूएस ओपन 2026 को अपने नए चैंपियन मिल चुके हैं। महिला सिंगल में जहां रायबाकिना ने सबालेंका को हराकर खिताब जीता। वहीं, अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने फाइनल में बेन शेल्टन को मात देकर अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता। इसके बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान अपने स्नेहपूर्ण शब्दों से शेल्टन की गर्लफ्रेंड और स्टैंड्स में मौजूद सभी का दिल जीत लिया।
Alexander Zverev के शब्दों ने जीता शेल्टन की प्रेमिका का दिल।
आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में ज्वेरेव ने शेल्टन को 6-3, 7-6(2), 5-7, 6-2 से हराकर अपना पहला यूएस ओपन और दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। शेल्टन ने तीसरे सेट में ज्वेरेव को कड़ी टक्कर दी। उन्होंने वह सेट जीता। हालांकि, ज्वेरेव ने दमदार वापसी करते हुए चौथे सेट में आसान जीत दर्ज की।
शेल्टन की आंखों में आए आंसू
फाइनल हारने के बाद शेल्टन की आंखों में आंसू आ गए। प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान वह भावुक हो गए। वहीं, स्टैंड में मौजूद उनकी प्रेमिका ट्रिनिटी रोडमैन भी भावुक हो गईं। इसके बाद ज्वेरेव ने अपने भाषण के दौरान सभी को खुश कर दिया। ज्वेरेव ने ट्रिनिटी और शेल्टन की तारीफ की।
ज्वेरेव ने की ट्रिनिटी की तारीफ
अलेंक्जेंडर ज्वेरेव ने कहा, 'ट्रिनिटी, मुझे लगा था कि आज तुम्हारा मैच अच्छा था, है ना? तुम्हें भी बहुत-बहुत बधाई। तुम तो लकी चार्म हो। लेकिन आमतौर पर, आज नहीं।' रोडमैन के लिए बोले गए ज्वेरेव के इन शब्दों ने सभी का दिल जीत लिया। वहीं, ट्रिनिटी भी मुस्कुराती हुईं दिखीं।
शेल्टन ने रचा इतिहास
गौरतलब हो कि शेल्टन का फाइनल तक का सफर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानियों में से एक था। 23 वर्षीय शेल्टन 1972 में आर्थर ऐश के बाद यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले पहले अश्वेत अमेरिकी मेंस खिलाड़ी बने और चैंपियनशिप मैच तक पहुंचने के रास्ते में उन्होंने कई शानदार प्रदर्शन किए।
