Shukra Gochar 2026: 6 नवंबर 2026 की सुबह 12 बजकर 45 मिनट पर धन, यश और वैभव के कारक शुक्र कन्या राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष शास्त्र में शुक्र को धन, ऐश्वर्य, लग्जरी, लव लाइफ, मैरिड लाइफ और सुख-सुविधाओं का कारक ग्रह माना जाता है। कन्या राशि में शुक्र नीच के हो जाते हैं। ऐसे में शुक्र का यह गोचर कुछ राशि के लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। खासतौर पर लव लाइफ, रिलेशनशिप, करियर और फाइनेंशियल कंडीशन पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
शुक्र का कन्या में गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ नहीं रहेगा (Image AI Generated and Newsroom Verified)
शुक्र का कन्या राशि में प्रवेश सामान्य गोचर नहीं है। वह वक्री अवस्था में तुला राशि से वापस कन्या राशि में आ रहे हैं। ऐसे में इस दौरान पुराने रिश्तों से जुड़े विवाद फिर सामने आ सकते हैं। पहले किए गए इन्वेस्टमेंट, खर्च और फाइनेंशियल प्लानिंग की दोबारा समीक्षा करनी पड़ सकती है। कुछ लोगों को अपनी लव लाइफ और मैरिड लाइफ में भी ऐसे मुद्दों का सामना करना पड़ सकता है, जिन्हें वे पहले नजरअंदाज कर चुके हैं।
कैसा रहने वाला है यह गोचर
ज्योतिष में शुक्र को भौतिक सुख, आकर्षण, प्रेम, रोमांस, कला, फैशन, लग्जरी और धन का कारक माना गया है। वहीं, कन्या राशि में शुक्र नीच के हो जाते हैं। कन्या राशि का स्वामी बुध है, जो बुद्धि, तर्क, कम्युनिकेशन और एनालिसिस का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में शुक्र के इस राशि में आने पर भावनाओं की जगह तर्क हावी हो सकता है।
इसका असर रिलेशनशिप में भी दिखाई दे सकता है। लोग पार्टनर की छोटी-छोटी गलतियों पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं। लव लाइफ में रोमांस की कमी महसूस हो सकती है और मैरिड लाइफ में आपसी समझ को लेकर चुनौतियां आ सकती हैं। फाइनेंशियल मामलों में भी जरूरत से ज्यादा सोचने या गलत फैसले लेने की स्थिति बन सकती है। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को इस दौरान संभलकर चलने की आवश्यकता है।
मेष राशि
मेष राशि के लोगों के लिए शुक्र छठे भाव में गोचर करेंगे। छठा भाव कर्ज, बीमारी, विरोधियों, विवाद और कॉम्पिटिशन से जुड़ा होता है। ऐसे में इस दौरान अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। पुराने कर्ज या पेमेंट से जुड़े मामले परेशान कर सकते हैं। वर्कप्लेस पर विरोधियों से सतर्क रहने की जरूरत होगी। लव लाइफ में छोटी-छोटी बातों पर बहस हो सकती है। किसी भी विवाद को ईगो का मुद्दा बनाने से बचें। हेल्थ और डेली रूटीन को लेकर भी लापरवाही न करें। शुक्रवार को सफेद चावल या दूध का दान करें और किसी जरूरतमंद की आर्थिक मदद करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लोगों के लिए शुक्र का गोचर चौथे भाव में होगा। यह भाव घर, प्रॉपर्टी, वाहन, माता और मानसिक शांति से जुड़ा होता है। ऐसे में इस दौरान घरेलू खर्च बढ़ सकते हैं। घर या वाहन से जुड़ी कोई पुरानी समस्या दोबारा सामने आ सकती है। परिवार के सदस्यों के साथ छोटी-छोटी बातों पर बहस होने की आशंका है। आपकी मेंटल पीस प्रभावित हो सकती है। अगर आप प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो जल्दबाजी में फैसला न लें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें और जरूरतमंद महिला को सफेद मिठाई या चावल दान करें।
कन्या राशि
कन्या राशि के लोगों के लिए शुक्र का गोचर पहले भाव में होगा। शुक्र इसी राशि में नीच के हो रहे हैं, इसलिए इस राशि के लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान आपका कॉन्फिडेंस थोड़ा कमजोर हो सकता है। आप अपनी पर्सनैलिटी और लुक्स को लेकर जरूरत से ज्यादा सोच सकते हैं। लव लाइफ में पार्टनर की छोटी-छोटी बातों को लेकर नाराजगी बढ़ सकती है। मैरिड लाइफ में भी ईगो और गलतफहमी की वजह से तनाव पैदा हो सकता है। फाइनेंशियल मामलों में दिखावे और लग्जरी पर ज्यादा खर्च करने से बचें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी को सफेद फूल अर्पित करें और जरूरतमंद महिला को सफेद वस्त्र या मिठाई दान करें।
धनु राशि
धनु राशि के लोगों के लिए शुक्र का गोचर दसवें भाव में होगा। यह भाव करियर, वर्कप्लेस, प्रोफेशनल इमेज और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा है। इस दौरान ऑफिस में सीनियर अधिकारियों या सहकर्मियों के साथ मतभेद हो सकते हैं। आपकी मेहनत के अनुसार रिजल्ट मिलने में देरी हो सकती है। बिजनेस करने वाले लोगों को नई पार्टनरशिप या किसी बड़े फाइनेंशियल फैसले में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। वर्कप्लेस पर अपनी बात रखने के दौरान शब्दों का चयन सोच-समझकर करें। शुक्रवार को सफेद वस्तुओं का दान करें और कार्यस्थल पर महिलाओं का सम्मान करें।
मीन राशि
मीन राशि के लोगों के लिए शुक्र का गोचर सातवें भाव में होगा। यह भाव मैरिड लाइफ, लव लाइफ, पार्टनरशिप और बिजनेस से जुड़ा होता है। ऐसे में इस दौरान पार्टनर के साथ पुरानी बातों को लेकर विवाद हो सकता है। रिलेशनशिप में एक-दूसरे से जरूरत से ज्यादा उम्मीदें रखना परेशानी बढ़ा सकता है। शादीशुदा लोगों को अपने पार्टनर की भावनाओं को समझने की कोशिश करनी चाहिए। बिजनेस पार्टनर के साथ पैसों के लेन-देन और नए एग्रीमेंट में सावधानी रखें। किसी भी डॉक्यूमेंट पर बिना पढ़े साइन न करें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें और पति-पत्नी एक-दूसरे को सफेद मिठाई खिलाकर रिश्ते में मिठास बनाए रखने का संकल्प लें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
