Somvati Amavasya 2026: हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। सोमवार के दिन पड़ने के कारण इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। साल 2026 में यह शुभ तिथि अधिक मास में पड़ रही है, जिससे इसका आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोमवती अमावस्या के दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करने पर सुख, सौभाग्य और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसे साथ ही यह दिन पितरों के तर्पण, श्राद्ध कर्म और दान-पुण्य के लिए भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि अधिक मास में पवित्र नदियों में स्नान और जरूरतमंदों को दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं कब है सोमवती अमावस्या। (Somvati Amavasya Date 2026)
सोमवती अमावस्या कब है 2026 में
सोमवती अमावस्या 2026 कब है (Somvati Amavasya Date 2026)
पंचांग के अनुसार, अधिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 14 जून 2026 को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगी और 15 जून 2026 को सुबह 8 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। यदि आप उदया तिथि के आधार पर सोमवती अमावस्या का व्रत करना चाहते हैं, तो आपको 15 जून दिन सोमवार, के दिन व्रत करना चाहिए। इसके अलावा पितरों से जुड़े तर्पण और अन्य कर्मकांडों के लिए 14 जून का दिन अधिक उपयुक्त माना जा रहा है।
सोमवती अमावस्या के शुभ मुहूर्त
अमावस्या तिथि 14 जून 2026 को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगी और 15 जून 2026 को सुबह 8 बजकर 24 मिनट तक रहेगी। इस दिन स्नान-दान के लिए ब्रह्म मुहूर्त का शुभ समय 15 जून सुबह 4 बजकर 04 मिनट से 4 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। इस पावन अवधि में किए गए स्नान, जप, तर्पण और दान को विशेष पुण्यदायी माना गया है।
सोमवती अमावस्या का महत्व
सोमवती अमावस्या का दिन विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस अवसर पर महिलाएं पति की दीर्घायु, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना से व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। इसके साथ ही इस दिन पीपल के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा करने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदी में स्नान और दान-पुण्य करने से पापों का क्षय होता है तथा पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसके अलावा इस दिन पितरों के लिए तर्पण और श्राद्ध कर्म करने से पितृ दोष की शांति होती है और पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
