एक स्त्री न जाने कितने ही सारे सपने आंखों में सजाकर मायके की दहलीज पार कर ससुराल आती है। पति के संग साथ रहने के सुनहरे सपने उसने देखे होते हैं लेकिन कभी-कभी समय की धारा विपरीत हो जाती है और पति को लग जाती है शराब की लत। यूं तो लत किसी भी चीज की बुरी होती है लेकिन शराब की लत के कारण पूरा परिवार आर्थिक, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना सहता है। यदि इस स्थिति से आप या आपका अपना गुजर रहा है तो यहां पढ़ें शराब छुड़ाने का आसान सा उपाय।
शराब की लत दूर करने के लिए उपाय
छुटेगी शराब, आएगी खुशहाली
यदि पति बहुत अधिक शराब पीता हो तो यह उपाय अवश्य करें। किसी भी शुक्ल पक्ष के पहले शनिवार को प्रातः काल सवा मीटर काला कपड़ा और सवा मीटर नीला कपड़ा लेकर इन दोनों को एक दूसरे के उपर रख दें। इस पर 800 ग्राम कच्चे कोयले, 800 ग्राम काली साबुत उड़द, 800 ग्राम जौ एवं काले तिल, आठ बड़ी कीलें और आठ सिक्के रख, बांधकर एक पोटली बना लें। फिर पति की लंबाई से आठ गुना अधिक काला धागा लेकर एक जटा नारियल पर लपेट दें। उस नारियल पर काजल का तिलक लगाकर धूप− दीप अर्पित करके अपने पति की शराब की आदत को त्यागने का निवेदन करें। फिर सारी सामग्री किसी नदी में प्रवाहित कर दें। अब हाथ जोड़कर बहती सामग्री पर दृष्टि रखें और यह सोचें कि शनिदेव की कृपा से पति की शराब की लत उससे दूर जा रही है।
जब सामग्री आपकी दृष्टि से ओझल हो जाए तो घर वापस आ जाएं। इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि जलधारा आपसे दूर जा रही हो और जब आप वापस आएं तो पीछे मुड़कर न देखें। घर में प्रवेश करने से पहले हाथ− पैर अवश्य धाे लें। सायंकाल किसी पीपल के वृक्ष के नीचे जाकर तिल के तेल का दीपक अर्पित करें। ये उपाय आने वाले बुधवार और शनिवार को पुनः करें। यह ध्यान रखें कि उपाय पूरा होने और फलित होने तक इसकी चर्चा किसी से न करें। धीरे−धीरे आप स्वयं देखेंगी कि आपके पति ने शराब पीने से तौबा कर ली है। यह उपाय गुप्त रूप से किया जाएगा।
(डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
