Sakat Chauth 2023 Date, Puja Vidhi, Muhurat: सनातन धर्म में सकट चौथ व्रत का खास महत्व माना जाता है। ये व्रत महिलाएं अपनी संतान की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना से रखती हैं। इस व्रत में भगवान गणेश की पूजा होती है। इस बार सकट चौथ 10 जनवरी को है। माघ मास के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली संकष्टी चतुर्थी को ही सकट चौथ के नाम से जाना जाता है। जानिए इस व्रत की पूजा विधि और महत्व।
सकट चौथ 2023 डेट और मुहूर्त
सकट चौथ 2023 तिथि और शुभ मुहूर्त | Sakat Chauth 2023 Date, Muhurat
सकट चौथ व्रत माघ माह के कृष्ण की चतुर्थी को रखा जाता है। इस बार ये तिथि 10 जनवरी को पड़ रही है। इस दिन संकष्टी चतुर्थी की शुरुआत दोपहर 12 बजकर 9 मिनट से होगी और इसकी समाप्ति 11 जनवरी को दोपहर 2 बजकर 9 मिनट पर होगी। इस दिन चांद निकलने का समय रात 8 बजकर 41 मिनट का है।
सकट चौथ पूजा विधि । Sakat Chauth Puja Vidhi
सकट चौथ व्रत रखने वाली महिलाओं को एक दिन पहले सात्विक भोजन करना चाहिए। फिर सकट चौथ वाले दिन सुबह जल्दी उठकर स्वच्छ वस्त्र धारण करने चाहिए। इसके बाद पूजा घर की साफ-सफाई करें और सुबह की पूजा का संकल्प लें। दिनभर निर्जला उपवास रखें और शाम में गणेश जी की पूजा करें। इस दिन भगवान गणेश को तिल, गुड़, गन्ना आदि का भोग लगाया जाता है। शुभ मुहूर्त में सकट चौथ की कथा सुनें और रात में चंद्रमा को अर्घ्य दें। फिर फलहार ग्रहण करें।
सकट चौथ पर भगवान गणेश को ऐसे करें प्रसन्न
इस दिन की पूजा में गणेश मंत्र का जाप जरूर करें। गणेश मंत्र का जाप करते हुए भगवान को 21 दूर्वा भी जरूर अर्पित करें। सकट चौथ पर गणेश जी को गन्ना, शकरकंद, गुड़, तिल से बनी वस्तुएं, गुड़ से बने हुए लड्डू जरूर अर्पित करें।
