Chandra Gochar 2026: 2 मार्च की सुबह 7 बजकर 51 मिनट पर चंद्रमा सिंह राशि में प्रवेश कर चुके हैं। सिंह राशि में पहले से केतु मौजूद हैं, जिससे चंद्र-केतु की युति बन रही है। दूसरी ओर सूर्य राहु के साथ कुंभ राशि में स्थित हैं। राहु और केतु हमेशा आमने-सामने रहते हैं, इसलिए यह स्थिति सूर्य के साथ राहु और केतु के साथ चंद्रमा ग्रहण योग का निर्माण करती है।
चंद्रमा और केतु की युति से होगा नुकसान
चंद्रमा मन, भावनाएं, निर्णय क्षमता और पारिवारिक सुख का कारक है।
केतु के साथ इसकी युति भ्रम, अचानक फैसले, आत्म-संदेह और रिश्तों में दूरी का कारण बन सकती है। खासकर जिन राशियों पर यह गोचर सीधा प्रभाव डाल रहा है, उन्हें कुछ दिन संभलकर चलना होगा। अब विस्तार से जानते हैं किन राशियों को नुकसान या तनाव का सामना करना पड़ सकता है और वे इससे कैसे बचाव कर सकते हैं।
वृषभ राशि
चंद्रमा का यह गोचर आपके चौथे भाव पर असर डाल सकता है, जिससे घर-परिवार में तनाव या मन की बेचैनी बढ़ सकती है। माता के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती है। संपत्ति या वाहन से जुड़े मामलों में रुकावट आ सकती है। मन बार-बार नकारात्मक सोच की ओर जा सकता है। ऐसे समय में घर के माहौल को शांत रखें। सफेद मिठाई या चावल का दान करें। मां दुर्गा या भगवान शिव के सामने दीपक जलाएं। ध्यान और प्राणायाम करने से मानसिक स्थिरता मिलेगी।
मिथुन राशि
आपके लिए यह गोचर संचार और छोटी यात्राओं में सावधानी की मांग कर रहा है। गलत शब्दों के कारण रिश्तों में दूरी आ सकती है। भाई-बहनों के साथ मतभेद संभव है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें। गणेश जी की पूजा करें और हरी मूंग दाल का दान करें। कोई भी महत्वपूर्ण दस्तावेज साइन करने से पहले अच्छी तरह जांच लें। शांत और संयमित व्यवहार ही आपको नुकसान से बचाएगा।
सिंह राशि
चंद्रमा आपकी ही राशि में गोचर कर रहा है और केतु के साथ युति बना रहा है। यह स्थिति मानसिक अस्थिरता, आत्मविश्वास में कमी और अचानक गुस्से की वजह बन सकती है। आपको लगेगा कि लोग आपकी बात नहीं समझ रहे। परिवार या जीवनसाथी के साथ छोटी-सी बात भी बड़ी बन सकती है। कार्यक्षेत्र में भी निर्णय लेते समय भ्रम की स्थिति रहेगी। इस समय अहंकार से बचना बहुत जरूरी है। शांत रहकर प्रतिक्रिया दें। शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और 'ॐ नमः शिवाय' का 108 बार जाप करें। चांदी की कोई छोटी वस्तु अपने पास रखना भी मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा।
वृश्चिक राशि
यह गोचर आपके करियर और सामाजिक छवि पर असर डाल सकता है। ऑफिस में वरिष्ठ अधिकारियों से मतभेद या काम में देरी संभव है। भावनात्मक प्रतिक्रिया देने से नुकसान हो सकता है। आप जितना शांत रहेंगे, उतना फायदा होगा। इस दौरान हनुमान मंदिर जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करें। लाल मसूर दाल का दान करें। किसी भी बड़े निर्णय को कुछ दिन टालना बेहतर रहेगा।
मकर राशि
चंद्र-केतु का प्रभाव आपके आर्थिक मामलों को प्रभावित कर सकता है। अचानक खर्च बढ़ सकते हैं या निवेश में अस्थिरता आ सकती है। परिवार के किसी सदस्य की जरूरत के कारण धन खर्च हो सकता है। मानसिक रूप से असुरक्षा की भावना भी बढ़ सकती है। ऐसे में खर्चों पर नियंत्रण रखें। इसके लिए काले तिल या कंबल का दान करें। 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें। जोखिम वाले निवेश फिलहाल टालें।
कुंभ राशि
आपकी राशि में सूर्य और राहु पहले से हैं और सामने सिंह में चंद्र-केतु का प्रभाव है। यह स्थिति दांपत्य जीवन, बिजनेस पार्टनरशिप और करीबी रिश्तों में तनाव बढ़ा सकती है। गलतफहमी या अविश्वास की भावना आ सकती है। अचानक कोई पुराना मुद्दा सामने आ सकता है, जिससे मानसिक दबाव बढ़ेगा। इस समय बड़े फैसले टालना बेहतर रहेगा। सुबह तांबे के लोटे से सूर्य को जल अर्पित करें और धैर्य बनाए रखें। बातचीत में सख्त शब्दों का प्रयोग न करें। रोज 11 बार आदित्य हृदय स्तोत्र या सूर्य मंत्र का जाप करने से लाभ मिलेगा।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
