MS Dhoni IPL Retirement 2026: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में महेंद्र सिंह धोनी का नाम सिर्फ एक सफल बल्लेबाज, विकेटकीपर या कप्तान के रूप में दर्ज नहीं है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को जीतने का एक नया तरीका सिखाया है। मैदान पर मुश्किल से मुश्किल परिस्थिति में कूल रहते हुए, आखिरी ओवर तक मुकाबले को अपने नियंत्रण में रखना और सही समय पर ऐसा फैसला लेना, जिसकी उम्मीद किसी को न हो, वो कर दिखाना, महेंद्र सिंह धोनी की सबसे बड़ी पहचान रही है।
ज्योतिष से जानिए धोनी ने क्यों लिया संन्यास
अब आईपीएल में भी बतौर खिलाड़ी उनकी पारी भी समाप्त हो गई है। 17 नवंबर 2026 को चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से उनके आईपीएल करियर के समापन और आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की भूमिका संभालने की जानकारी सामने आई है। धोनी ने कप्तान के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। उनके आईपीएल करियर के इस नए मोड़ पर उनकी जन्मकुंडली का विश्लेषण भी दिलचस्प हो जाता है। ज्योतिषी दृष्टि के अनुसार धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने के पीछे सबसे बड़ा कारण गुरु की महादशा भी है। अभी धोनी पर गुरु की महादशा में बुध की अंतर्दशा है, गुरु व्यक्ति में मेंटर या गुरु बनने की क्षमता को बढ़ावा देता है। इस कारण भी वे संन्यास के बाद मेंटर या कोच की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
धोनी ने भारतीय क्रिकेट को तीन बड़ी आईसीसी ट्रॉफियां दिलाईं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप, 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती। वह दुनिया के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल हुए जिन्होंने आईसीसी की तीनों प्रमुख सीमित ओवरों की ट्रॉफियां अपने नाम कीं। टेस्ट क्रिकेट में भी उनकी कप्तानी में भारत दिसंबर 2009 में पहली बार आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में नंबर एक बना। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 17,266 रन और 829 विकेटकीपिंग डिसमिसल दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया। सवाल यह है कि आखिर उनकी कुंडली में ऐसा कौन सा ग्रह योग था, जिसने उन्हें सिर्फ प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं, बल्कि असाधारण रणनीतिकार और सफल कप्तान बनाया?
कन्या लग्न में हुआ धोनी का जन्म
आचार्य पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर रांची में हुआ। इसी जन्म समय और स्थान को आधार बनाकर लाहिड़ी अयनांश से उनकी वैदिक जन्मकुंडली का विश्लेषण करने पर उनका लग्न कन्या राशि का बनता है और लग्न लगभग 12 डिग्री 32 मिनट पर है। चंद्रमा भी कन्या राशि में स्थित हैं। उनका जन्म उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र के दूसरे चरण में हुआ, जबकि लग्न हस्त नक्षत्र के पहले चरण में आता है।
उनकी कुंडली का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष दशम भाव में सूर्य और बुध की युति है। मिथुन राशि के दशम भाव में सूर्य लगभग 21 डिग्री 25 मिनट पर और बुध लगभग 3 डिग्री 18 मिनट पर स्थित हैं। बुध अपनी ही राशि मिथुन में बैठे हैं। प्रथम भाव कन्या में चंद्रमा, बृहस्पति और शनि एक साथ हैं। नवम भाव वृषभ में मंगल स्थित हैं। एकादश भाव कर्क राशि में शुक्र और राहु की युति है, जबकि पंचम भाव मकर में केतु विराजमान हैं। इस तरह उनकी कुंडली में कर्म, बुद्धि, प्रतिस्पर्धा, भाग्य और लाभ से जुड़े भाव विशेष रूप से सक्रिय हैं। इस कुंडली में गुरु कन्या राशि में और शनि भी कन्या राशि में स्थित हैं। गुरु की उच्च राशि कर्क और शनि की उच्च राशि तुला है।
दशम भाव में बुध का भद्र महापुरुष योग बना सबसे बड़ी ताकत
धोनी की कुंडली में बुध लग्न और दशम भाव के स्वामी हैं। कन्या लग्न के लिए बुध का स्वामी होना विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यही ग्रह व्यक्ति के व्यक्तित्व और कर्म क्षेत्र दोनों को नियंत्रित करता है। बुध अपनी स्वराशि मिथुन में दशम भाव में विराजमान हैं। दशम भाव केंद्र स्थान है और यहां अपनी राशि में स्थित बुध भद्र महापुरुष योग का निर्माण करते हैं। पंचमहापुरुष योगों में भद्र योग को बुद्धि, विश्लेषण क्षमता, संवाद कौशल, व्यावहारिक निर्णय और पेशेवर प्रतिष्ठा दिलाने वाला माना जाता है।
धोनी के खेल को केवल उनकी बल्लेबाजी के आंकड़ों से नहीं समझा जा सकता है। उनकी असली ताकत मैच को पढ़ने की क्षमता रही है। वह विपक्षी बल्लेबाज की कमजोरी को जल्दी समझते थे, गेंदबाजों का इस्तेमाल परिस्थिति के अनुसार करते थे और फील्डिंग में ऐसे बदलाव करते थे, जो कई बार मैच का रुख बदल देते थे। विकेट के पीछे खड़े होकर पूरे मैदान पर नजर रखना और दबाव में सही फैसला लेना उनकी विशेषता रही। ज्योतिषीय दृष्टि से दशम भाव में मजबूत बुध इसी तरह की रणनीतिक बुद्धि और पेशेवर दक्षता देता है।
सूर्य के साथ बुध एक ही राशि और दशम भाव में हैं, जिससे बुधादित्य योग भी बनता है। सूर्य नेतृत्व, अधिकार, आत्मविश्वास और प्रतिष्ठा का कारक है, जबकि बुध बुद्धि, गणना और निर्णय क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों का दशम भाव में संबंध धोनी के भीतर नेतृत्व और रणनीति के मेल को दर्शाता है। सूर्य और बुध के बीच लगभग 18 डिग्री का अंतर है। बुध सूर्य के अत्यधिक निकट नहीं हैं, जिससे उनकी स्थिति को अस्त नहीं है।
बुध चंद्रमा से भी दशम भाव में स्थित हैं। इससे अमल योग भी बनता है। पारंपरिक ज्योतिष में अमल योग को ऐसी प्रतिष्ठा देने वाला माना जाता है, जो व्यक्ति को अपने कर्म और व्यवहार के कारण लंबे समय तक सम्मान दिलाती है। धोनी की लोकप्रियता केवल उनके खेल तक सीमित नहीं रही है। क्रिकेट से संन्यास के बाद भी उनका प्रभाव बना हुआ है और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनकी पहचान टीम की संस्कृति का हिस्सा बन चुकी है।
लग्न में चंद्रमा, गुरु और शनि की युति ने दिया धैर्य और संयम
धोनी की कुंडली में कन्या लग्न में चंद्रमा, बृहस्पति और शनि की युति है। लग्न व्यक्ति के स्वभाव, शरीर, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है। चंद्रमा मन और भावनात्मक प्रतिक्रिया का कारक है। बृहस्पति विवेक, अनुभव और समझदारी से जुड़ा है, जबकि शनि धैर्य, अनुशासन, निरंतर मेहनत और कठिन परिस्थितियों को सहने की क्षमता का प्रतीक है।
चंद्रमा और बृहस्पति एक ही राशि में होने से गजकेसरी योग का निर्माण होता है। इस योग को ज्योतिष में प्रतिष्ठा, बुद्धिमत्ता, सामाजिक प्रभाव और सम्मान देता है। हालांकि यहां गुरु के साथ शनि की बहुत निकट युति भी है। बृहस्पति लगभग 9 डिग्री 10 मिनट पर और शनि लगभग 10 डिग्री 15 मिनट पर हैं। दोनों के बीच लगभग एक डिग्री का अंतर है। इस वजह से गजकेसरी योग का फल डॉयरेक्ट नहीं होगा। शनि की निकट उपस्थिति मन को गंभीर, व्यावहारिक और जिम्मेदारी के प्रति सजग बनाने है।
धोनी के व्यक्तित्व में इसका प्रतीकात्मक मेल साफ दिखाई देता है। वह मैदान पर अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने के बजाय परिस्थितियों को समझकर प्रतिक्रिया देते हैं। जब टीम मुश्किल में होती है, तब भी उनके चेहरे पर घबराहट कम दिखाई देती है। उनके फैसलों में धैर्य और व्यावहारिकता नजर आती है। यही वजह है कि उन्हें ‘कैप्टन कूल’ कहा जाता है।
शनि यहां पंचम और षष्ठम भाव के स्वामी हैं। पंचम भाव खेल-कौशल, प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रदर्शन से जुड़ा है, जबकि षष्ठम भाव प्रतिस्पर्धा, विरोधियों और संघर्ष का भाव है। इन दोनों भावों के स्वामी शनि का लग्न में होना खेल की प्रतिभा को प्रतिस्पर्धा और अनुशासन से जोड़ता है। इसका अर्थ यह है कि धोनी के लिए सफलता केवल सहज प्रतिभा से नहीं, बल्कि लगातार अभ्यास, आत्मनियंत्रण और चुनौती के बीच टिके रहने से बनी है।
नवम के मंगल ने दी संघर्ष से अवसर तक पहुंचने की ताकत
धोनी की कुंडली में मंगल वृषभ राशि के नवम भाव में स्थित हैं। कन्या लग्न के लिए मंगल तीसरे और आठवें भाव के स्वामी हैं। तीसरा भाव साहस, पराक्रम, प्रयास, हाथों के कौशल और आत्मप्रयास का प्रतिनिधित्व करता है। नवम भाव भाग्य, लंबी यात्राओं, गुरु और जीवन में मिलने वाले बड़े अवसरों से जुड़ा होता है।
मंगल की एक खास बात यह है कि वह अपने सातवें दृष्टि संबंध से वृश्चिक राशि के तीसरे भाव को देखते हैं, जो उनकी अपनी राशि है। इससे तीसरे भाव के साहस, प्रयास और प्रतिस्पर्धात्मक गुणों को बल मिलता है। क्रिकेट में विकेटकीपर के तौर पर तेजी से प्रतिक्रिया देना, बल्लेबाज के रूप में आक्रामक शॉट खेलना और कठिन परिस्थितियों में जोखिम उठाना इसी ग्रह स्थिति के कारण ही संभव रहा है।
धोनी का शुरुआती जीवन इन ग्रहों का काफी योगदान है। क्रिकेट में जगह बनाने से पहले उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों में रुचि भी रही है। फुटबॉल में गोलकीपर बनने की इच्छा रखने वाले धोनी को स्कूल के एक क्रिकेट मैच में विकेटकीपिंग का मौका मिला और धीरे-धीरे यही उनकी पहचान बन गई। इसके बाद में घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम तक पहुंचने का रास्ता खुला। यह सफर किसी आसान उपलब्धि का नहीं, बल्कि लगातार प्रयास और अवसर को पहचानने का था।
एकादश भाव में शुक्र-राहु की युति
धोनी की कुंडली में शुक्र और राहु कर्क राशि के 11वें यानी एकादश भाव में स्थित हैं। कन्या लग्न के लिए शुक्र दूसरे और नवम भाव के स्वामी हैं। दूसरा भाव धन, वाणी और पारिवारिक संसाधनों का है, जबकि नवम भाव भाग्य का प्रतिनिधित्व करता है। इन दोनों भावों के स्वामी शुक्र का लाभ भाव में जाना धन, अवसर और बड़े नेटवर्क से जुड़ा महत्वपूर्ण संबंध बनाता है। एकादश भाव स्वयं लाभ, उपलब्धियों, इच्छापूर्ति और प्रशंसकों के समूह का भाव है।
राहु की उपस्थिति इस योग को एक अलग आयाम देती है। राहु को असाधारण लोकप्रियता, बड़े मंच, जनसमूह और पारंपरिक सीमाओं से आगे निकलने की प्रवृत्ति देता है। शुक्र के साथ एकादश भाव में राहु की स्थिति के चलते ही धोनी की व्यापक लोकप्रियता और क्रिकेट के व्यावसायिक पक्ष में उनकी मजबूत पहचान मिली है। वह केवल भारतीय टीम के कप्तान नहीं रहे, बल्कि आईपीएल के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक बने। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव इतना मजबूत हुआ कि प्रशंसकों ने उन्हें टीम की पहचान के रूप में स्वीकार किया।
एकादश भाव का स्वामी चंद्रमा भी लग्न में स्थित है। इसका अर्थ ज्योतिषीय भाषा में यह हुआ कि लाभ और जनसमर्थन का संबंध सीधे व्यक्ति की पहचान से जुड़ता है। यही कारण है कि धोनी की लोकप्रियता केवल किसी एक टूर्नामेंट या एक उपलब्धि पर निर्भर नहीं रही। उनका व्यक्तित्व, शांत स्वभाव और मैदान पर फैसले लेने की शैली भी उनके प्रशंसक वर्ग को लगातार बढ़ाती रही।
पंचम भाव के केतु ने दी अलग सोच और अप्रत्याशित रणनीति
धोनी की कुंडली के पंचम भाव में मकर राशि का केतु स्थित है। पंचम भाव खेल प्रतिभा, रचनात्मकता, बुद्धि, निर्णय और प्रदर्शन से जुड़ा होता है। केतु को सामान्य से अलग सोच, सहज अंतर्ज्ञान और परंपरागत तरीके से हटकर काम करने की प्रवृत्ति से जोड़ा जाता है। इस स्थिति ने धोनी को अनोखी रणनीतियों और खेल में अपने अलग तरीके को विकसित करने की क्षमता दी।
धोनी कई बार ऐसे फैसले लेते थे, जिनकी सामान्य परिस्थितियों में कल्पना नहीं की जाती थी। 2011 विश्व कप के फाइनल में युवराज सिंह के बजाय खुद बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आना इसका सबसे चर्चित उदाहरण है। उन्होंने दबाव के बीच जिम्मेदारी ली और नाबाद 91 रन बनाकर भारत को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। यह निर्णय केवल तकनीकी नहीं था, बल्कि परिस्थिति को पहचानकर जोखिम उठाने की क्षमता का परिणाम था।
नवांश कुंडली में सूर्य उच्च और गुरु अपनी राशि में
धोनी की जन्मकुंडली के साथ नवांश यानी डी-9 कुंडली का अध्ययन भी महत्वपूर्ण है। नवांश में मेष लग्न है। नवांश में सूर्य मेष राशि में उच्च के हैं, जबकि बृहस्पति मीन राशि में अपनी ही राशि में स्थित हैं। सूर्य का उच्च होना नेतृत्व, आत्मविश्वास और प्रतिष्ठा के गुणों को मजबूती देने वाला माना जाता है। गुरु का स्वगृही होना अनुभव, विवेक और मार्गदर्शन के पक्ष को मजबूत करता है।
नवांश में शनि मेष राशि में नीच के हैं। इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह संकेत देता है कि अनुशासन और धैर्य का गुण बिना संघर्ष के नहीं आया होगा। व्यक्ति को जिम्मेदारी, दबाव और कठिन परिस्थितियों से गुजरकर अपने भीतर स्थिरता विकसित करनी पड़ सकती है। धोनी का करियर भी इसी तरह लगातार मेहनत, असफलताओं और चुनौतीपूर्ण दौर के बीच आगे बढ़ा।
दशमांश कुंडली में कर्म और लाभ का संबंध
करियर के विश्लेषण में दशमांश यानी डी-10 कुंडली का विशेष महत्व है। धोनी का दशमांश लग्न भी कन्या है। यहां दशम भाव का स्वामी बुध कर्क राशि के एकादश भाव में स्थित है। दशम भाव पेशे और कर्म का होता है, जबकि एकादश भाव लाभ, उपलब्धि, नेटवर्क और बड़े समूह का। दशमेश का लाभ भाव में जाना पेशे के माध्यम से बड़ी उपलब्धियां, पहचान और जनसमर्थन देता है।
दशमांश में चंद्रमा और राहु वृषभ राशि के नवम भाव में स्थित हैं। सूर्य मकर राशि के पंचम भाव में है, जबकि मंगल तुला राशि के दूसरे भाव में स्थित हैं। गुरु, शुक्र और शनि सिंह राशि के बारहवें भाव में हैं। इस विभाजित कुंडली में बुध का लाभ भाव में होना विशेष ध्यान देने योग्य है। धोनी की प्रोफेशनल सफलता व्यक्तिगत प्रदर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि टीम, दर्शकों और बड़े खेल नेटवर्क से जुड़कर बढ़ती रही। यही बात उनके करियर को साधारण खिलाड़ी से एक ग्लोबल स्पोर्ट ब्रांड तक पहुंचाती है।
1998 से क्रिकेट करियर की शुरुआत और 2001 में रेलवे की नौकरी
धोनी का क्रिकेट सफर शुरुआती दौर में घरेलू स्तर पर प्रदर्शन से आगे बढ़ा। 1998 के आसपास उन्होंने स्थानीय और क्षेत्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनानी शुरू की। इसके बाद 2001 में उन्हें रेलवे में नौकरी मिली। यह उनके जीवन का ऐसा दौर था, जब एक तरफ रोजगार की जिम्मेदारी थी और दूसरी ओर क्रिकेट में आगे बढ़ने का सपना था। विंशोत्तरी दशा गणना के अनुसार उस समय उनकी मंगल महादशा में शुक्र की अंतर्दशा चल रही थी।
मंगल उनके तीसरे भाव के स्वामी होकर नवम भाव में बैठे हैं, जबकि शुक्र भाग्य भाव के स्वामी होकर एकादश भाव में स्थित हैं। दशा में इन दोनों ग्रहों का संबंध प्रयास, भाग्य और लाभ के बीच ज्योतिषीय जुड़ाव बनाता है। रेलवे की नौकरी मिलने के बावजूद धोनी ने क्रिकेट को नहीं छोड़ा। यह समय उनके करियर की नींव तैयार करने वाला दौर था।
राहु की महादशा में बदली किस्मत, 2004 में भारतीय टीम में मिला मौका
धोनी की राहु महादशा दिसंबर 2002 में शुरू हुई और दिसंबर 2020 तक चली। कुंडली में राहु एकादश भाव में शुक्र के साथ स्थित हैं। एकादश भाव लाभ, अवसर और लोकप्रियता का भाव है। ऐसे में राहु की महादशा उनके जीवन में बड़े मंच, असाधारण पहचान और तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के दौर के रूप में सामने आई।
23 दिसंबर 2004 को धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में कदम रखा। शुरुआती मुकाबलों में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन अप्रैल 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापट्टनम में 148 रन की पारी ने उनके करियर को नई दिशा दी। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ जयपुर में 183 रन की नाबाद पारी ने उन्हें सीमित ओवरों के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल कर दिया। राहु महादशा के शुरुआती वर्षों में ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह पहचान मिलनी शुरू हो गई, जिसने आगे चलकर उन्हें विश्व क्रिकेट का बड़ा नाम बनाया।
2007 टी20 विश्व कप और राहु-गुरु की दशा में मिला कप्तानी का बड़ा सम्मान
धोनी के करियर में 24 सितंबर 2007 भारतीय क्रिकेट के इतिहास का यादगार दिन बना। धोनी की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता। उस समय धोनी की राहु महादशा में गुरु की अंतर्दशा चल रही थी। गुरु की अंतर्दशा 18 अगस्त 2005 से 11 जनवरी 2008 तक रही। 2007 विश्व कप फाइनल के समय राहु-गुरु-राहु का प्रत्यंतर चल रहा था।
धोनी की कुंडली में गुरु लग्न में चंद्रमा और शनि के साथ हैं, जबकि राहु लाभ भाव में शुक्र के साथ बैठा है। गुरु को विवेक, नेतृत्व में परिपक्वता और मार्गदर्शन का कारक माना जाता है। राहु लाभ भाव में रहकर बड़े मंच और उपलब्धि की इच्छा को सक्रिय करता है। इस दशा में पहली बार धोनी ने कप्तान के रूप में दुनिया के सामने अपनी क्षमता साबित की। युवा टीम के साथ विश्व कप जीतना उनके नेतृत्व की सबसे बड़ी शुरुआती परीक्षा थी, जिसमें वह सफल रहे।
राहु-बुध-केतु की दशा में विश्व कप
धोनी के जीवन का सबसे बड़ा क्रिकेट मुकाम 2 अप्रैल 2011 को आया, जब भारत ने श्रीलंका को हराकर 28 साल बाद वनडे विश्व कप जीता। फाइनल में धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए और छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। वह मुकाबला उनके करियर की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है।
इस समय धोनी की राहु महादशा में बुध की अंतर्दशा चल रही थी। बुध की अंतर्दशा 17 नवंबर 2010 से 6 जून 2013 तक रही। 2 अप्रैल 2011 के आसपास राहु-बुध-केतु का प्रत्यंतर था। यह ज्योतिषीय दृष्टि से खास इसलिए है कि बुध उनकी कुंडली में लग्न और दशम भाव के स्वामी होकर दशम भाव में अपनी ही राशि मिथुन में बैठे हैं। यही ग्रह भद्र महापुरुष योग का निर्माण कर रहा है। करियर, नेतृत्व, रणनीति और प्रतिष्ठा का कारक दशम भाव इस समय बुध की दशा से सक्रिय था।
इस घटना को केवल संयोग के रूप में नहीं, बल्कि कुंडली के सबसे मजबूत कर्म योग के सक्रिय होने के रूप में देखा जा सकता है। बुध ने निर्णय क्षमता और रणनीति का पक्ष दिया, सूर्य ने कप्तानी और नेतृत्व का, जबकि राहु ने बड़े मंच पर असाधारण उपलब्धि दिलाने वाले एकादश भाव को सक्रिय किया। फाइनल में खुद ऊपर बल्लेबाजी करने का फैसला और मैच खत्म करने का तरीका इस योग की सबसे प्रभावशाली तस्वीर बन गया।
2013 चैंपियंस ट्रॉफी और तीनों बड़ी आईसीसी ट्रॉफियों का रिकॉर्ड
वर्ष 2013 में धोनी की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती। इसके साथ धोनी दुनिया के पहले कप्तान बने जिन्होंने टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी तीनों जीतीं। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने दिसंबर 2009 में पहली बार टेस्ट रैंकिंग में भी नंबर एक स्थान हासिल किया था।
2013 चैंपियंस ट्रॉफी के समय राहु महादशा में केतु की अंतर्दशा चल रही थी। केतु पंचम भाव में स्थित है, जिसे खेल कौशल, निर्णय और प्रदर्शन का भाव माना जाता है। यह अवधि धोनी के करियर में एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आई। इस तरह राहु महादशा में अलग-अलग अंतर्दशाओं ने उन्हें विश्व क्रिकेट में लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के साथ हुई गुरु महादशा की शुरुआत
15 अगस्त 2020 को धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। इससे पहले वह दिसंबर 2014 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके थे। उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2019 विश्व कप सेमीफाइनल था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उनके नाम टेस्ट में 4,876, वनडे में 10,773 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1,617 रन दर्ज हैं।
संन्यास के समय उनकी राहु महादशा का अंतिम चरण चल रहा था और मंगल की अंतर्दशा थी। इसके बाद दिसंबर 2020 में गुरु महादशा शुरू हुई, जो दिसंबर 2036 तक चलेगी। गुरु उनकी कुंडली में लग्न में चंद्रमा और शनि के साथ स्थित हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से राहु की महादशा में मिली व्यापक लोकप्रियता के बाद गुरु महादशा का प्रारंभ अनुभव, परिपक्वता और मार्गदर्शन से जुड़े नए चरण का संकेत देता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से हटने के बाद भी धोनी का खेल से जुड़ाव बना रहा और आईपीएल में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व जारी रखा।
आईपीएल से संन्यास के समय पर गुरु-बुध की दशा, अब मेंटर के रूप में नई पारी
17 नवंबर 2026 को आईपीएल से बतौर खिलाड़ी धोनी के संन्यास और 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर बनने की खबर सामने आई। इस समय उनकी कुंडली में गुरु महादशा और बुध की अंतर्दशा चल रही है। गुरु महादशा दिसंबर 2020 से दिसंबर 2036 तक है, जबकि बुध की अंतर्दशा 6 अगस्त 2025 से 11 नवंबर 2027 तक चल रही है।
यह समय ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। बुध उनकी कुंडली में लग्न और दशम भाव के स्वामी हैं और दशम भाव में स्वराशि में स्थित होकर भद्र महापुरुष योग बना रहे हैं। बुध रणनीति, संवाद, विश्लेषण और निर्णय लेने की क्षमता का कारक है। गुरु अनुभव, विवेक और मार्गदर्शन का प्रतीक है। इन दोनों ग्रहों की दशा का संबंध ऐसे समय में बनना, जब धोनी खिलाड़ी की भूमिका से निकलकर मेंटर की भूमिका में प्रवेश कर रहे हैं, ज्योतिषीय विश्लेषण में काफी दिलचस्प है। देवगुरु बृहस्पति खुद देवताओं के गुरु हैं, उनके मेंंटर का काम करते हैं। ऐसे में गुरु की महादशा में धोनी भी मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे।
मैदान पर कप्तान के रूप में फैसले लेने वाले धोनी अब खिलाड़ियों को अपनी रणनीतिक समझ और अनुभव से मार्गदर्शन दे सकते हैं। इस नई भूमिका में उनकी सबसे बड़ी ताकत वही होगी, जिसने उन्हें सफल कप्तान बनाया था। मैच की परिस्थिति समझना, खिलाड़ियों की क्षमता पहचानना और सही समय पर सही सलाह देना। गुरु-बुध की दशा ने उनके करियर के इस बदलाव में बड़ा रोल निभाया है।
धोनी को क्रिकेट का किंग बनाने में इन ग्रहों का रहा सबसे बड़ा योगदान?
धोनी की पूरी कुंडली का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि उनकी सफलता किसी एक ग्रह या एक राजयोग की देन नहीं है। हालांकि करियर के लिहाज से सबसे प्रभावशाली स्थिति दशम भाव में स्वराशि का बुध है। यही बुध लग्न और कर्म भाव दोनों का स्वामी होकर दशम भाव में बैठा है और भद्र महापुरुष योग बना रहा है। इसके साथ सूर्य की युति बुधादित्य योग का आधार देती है। इससे बुद्धि, रणनीति, नेतृत्व और पेशेवर प्रतिष्ठा का मेल बनता है।
लग्न में चंद्रमा, गुरु और शनि की युति ने व्यक्तित्व में धैर्य, गंभीरता और निर्णय के समय संयम का पक्ष मजबूत किया। चंद्रमा-गुरु की युति गजकेसरी योग का निर्माण करती है, जबकि शनि की निकट उपस्थिति इस योग को अनुशासन और संघर्ष का रंग देती है। नवम भाव का मंगल साहस और प्रयास से जुड़ा है। एकादश भाव के शुक्र-राहु ने बड़े स्तर पर लोकप्रियता, लाभ और व्यापक प्रशंसक वर्ग का संकेत दिया। पंचम भाव के केतु ने परंपरागत सोच से अलग रणनीति और अप्रत्याशित फैसलों के पक्ष को समझने का आधार दिया।
इस कारण धोनी की कुंडली में बुध को उनकी क्रिकेटीय बुद्धि और रणनीतिक कौशल का सबसे बड़ा ग्रह कहा जा सकता है, लेकिन सूर्य, शनि, चंद्रमा, गुरु, मंगल, शुक्र और राहु के सहयोग के बिना उनकी पूरी कहानी अधूरी रहेगी। बुध ने उन्हें खेल को पढ़ने की क्षमता दी, सूर्य ने कप्तानी की प्रतिष्ठा का संकेत दिया, शनि ने लगातार मेहनत और संयम का, मंगल ने साहस का और राहु-शुक्र ने असाधारण लोकप्रियता का पक्ष मजबूत किया। यही ग्रहों का संयुक्त प्रभाव उनके करियर को खास बनाता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी पब्लिक डोमेन में उपस्थित महेंद्र सिंह धोनी की जन्म कुंडली की जानकारी के अनुसार, ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
