Karwa Chauth (Karva Chauth) 2022 Date in India: करवा चौथ का त्यौहार हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं। साथ ही इस व्रत को अच्छे वर की कामना से अविवाहित स्त्रियों के द्वारा भी रखा जाता है। यह पर्व देश के कई राज्यों में जोर-शोर से मनाया जाता है। इस बार करवा चौथ व्रत 13 अक्टूबर दिन गुरुवार को रखा जाएगा। जानिए इस व्रत की पूजा विधि और नियम।
Karwa Chauth 2022 Date: इस साल करवा चौथ का त्योहार 13 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
करवा चौथ व्रत के नियम:
- ये व्रत सूर्योदय से पहले शुरू होकर रात को चांद निकलने तक रखा जाता है और चन्द्रमा के दर्शन के पश्चात ही इस व्रत का पारण किया जाता है।
- शाम के समय चंद्रोदय से 1 घंटा पहले शिव-परिवार की पूजा की जाती है और इस दौरान करवा चौथ व्रत की कथा भी सुनी जाती है।
- चन्द्र-दर्शन के बाद बहू अपनी सास को थाली में सजाकर मिष्ठान, फल, मेवे, रूपये आदि देती है और उनका आशीर्वाद प्राप्त करती है।
- ये व्रत निर्जला रखा जाता है। यानी इस दिन चांद के दर्शन करने तक न कुछ खाया जाता है और न कुछ पिया जाता है।
- इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले स्नान आदि करके पूजा घर को साफ करें।
- फिर सास द्वारा दिया हुआ भोजन सुबह सूर्योदय से पहले ग्रहण करें और भगवान की पूजा करके निर्जला व्रत का संकल्प लें।
- ये व्रत रात में चंद्रमा के दर्शन करके ही खोलना चाहिए।
- संध्या के समय इस व्रत का पूजन किया जाता है। पूजा के लिए एक मिट्टी की वेदी पर सभी देवताओं की स्थापना करें। इसमें 10 से 13 करवे रखें।
- एक थाली में सभी पूजन सामग्री धूप, दीप, चन्दन, रोली, सिन्दूर आदि रखें। दीपक में पर्याप्त मात्रा में घी रखना चाहिए, जिससे वो दीपक पूजा के पूरे समय तक जलता रहे।
- चन्द्रमा निकलने से लगभग एक घंटे पहले पूजा शुरू करनी चाहिए।
- पूजा के दौरान करवा चौथ कथा जरूर सुनें या सुनाएं।
- पूजा के बाद छलनी से चन्द्र दर्शन करें और साथ ही दर्शन के समय अर्घ्य के साथ चन्द्रमा की पूजा करें।
- चन्द्र-दर्शन के बाद बहू अपनी सास को मिष्ठान, फल, मेवे, रूपये आदि देती है और अपनी सास का आशीर्वाद प्राप्त करती है।
करवा चौथ 2022 पूजा मुहूर्त: चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 13 अक्टूबर को 01:59 AM से होगा और इसकी समाप्ति 14 अक्टूबर को 03:08 AM पर होगी। करवा चौथ व्रत 13 अक्टूबर दिन बृहस्पतिवार को रखा जाएगा। करवा चौथ पूजा मुहूर्त शाम 05:54 PM से 07:09 PM तक रहेगा। करवा चौथ व्रत समय 06:20 AM से 08:09 PM तक रहेगा। करवा चौथ के दिन चन्द्रोदय समय रात 08:09 PM का है।
