Kapoor ke Achook Totke: कपूर का इस्तेमाल आमतौर पर पूजा-पाठ में किया जाता है। आरती, हवन और यज्ञ आदि जैसे अनुष्ठान कपूर के बिना अधूरे माने जाते हैं। वास्तु में भी कपूर जलाना घर के लिए बहुत ही शुभ माना गया है। इसके अनुसार घर पर कपूर जलाने से वातावरण सुगंधित होता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। इसलिए घर पर सकारात्मकता बनाए रखने के लिए कपूर जरूर जलाएं। वहीं इसमें कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं। साथ ही ज्योतिष में भी कपूर को बहुत ही असरदार व लाभकारी माना गया है। कपूर के टोटके से वास्तु दोष से लेकर कई परेशानियां और ग्रह दोष भी दूर होते हैं। जानते हैं कपूर से जुड़े कुछ अचूक उपायों के बारे में।
कपूर के अचूक टोटके से दूर होगी हर परेशानी
धन प्राप्ति के लिए
देवी दुर्गा की पूजा में गुलाब के फूल में कपूर का एक टुकड़ा जलाकर रखें। इससे धन की प्राप्ति होती है, धन लाभ होता है और साथ ही रुका हुआ धन भी मिल जाता है। ऐसा लगातार कम से कम 43 दिनों तक करना चाहिए।सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए
जीवनसाथी के साथ हमेशा मनमुटाव बना रहता है और आपसी संबंध में कड़वाहट आ गई है तो इसके लिए अपने बेडरूम में कपूर की गोलियां सिरहाने रखकर सोएं। इस उपाय से वैवाहिक जीवन सुखमय होगा और जीवनसाथी के साथ संबंध भी मधुर बनेंगे।
पितृदोष से मुक्ति के लिए
घर पर कपूर जलाने से पितृदोष से भी मुक्ति मिलती है। प्रतिदिन तीन बार यानी सुबह, शाम और रात के समय घी में भिगोया हुआ कपूर जलाने से पितृदोष से मुक्ति मिलती है। साथ ही इससे घर पर बुरी शक्तियों व नकारात्मकता का आगमन भी नहीं होता है।
शीघ्र विवाह के लिए
यदि किसी कारण विवाह में देरी हो रही हो या बाधा उत्पन्न हो रही हो तो इसके उपाय के लिए आप छह कपूर और 36 लौंग लें। इसमें हल्दी और अक्षत मिलाकर मां दुर्गा को आहुति दें। इस उपाय को करने से शीघ्र विवाह के योग बनते हैं।
वास्तु दोष दूर होता है
घर के वास्तुदोष और नकारात्मकता को दूर करने के लिए कपूर को बहुत ही उपयोगी माना गया है। एक कटोरी में थोड़ा कपूर लेकर उस स्थान पर रखें, जहां वास्तु दोष हो। कपूर खत्म हो जाने पर कपूर को बदलते रहें। इससे धीरे-धीरे वास्तु दोष दूर हो जाता है।
डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
