February Me Purnima Kab Hai (माघ पूर्णिमा 2024): फरवरी में पड़ने वाली माघ पूर्णिमा स्नान, दान और जप-तप के लिए बेहद ही पुण्य फलदाई मानी जाती है। इस दिन माघ स्नान भी किया जाता है। मान्यता है माघ पूर्णिमा के लिए व्रत रखने से जीवन में सदैव सुख-समृद्धि बनी रहती है। माघ पूर्णिमा के दिन ललिया जयंती (Lalita Jayanti 2024) और गुरु रविदास जयन्ती (Guru Ravidas Jayanti 2024) भी मनाई जाती है। इस साल माघ पूर्णिमा (Magh Purnima) 24 फरवरी को पड़ रही है। जानिए माघ पूर्णिमा की तारीख और मुहूर्त।
February Purnima 2024
फरवरी में पूर्णिमा कब है (February Me Purnima Kab Hai)
फरवरी में माघ पूर्णिमा मनाई जाएगी। जो इस साल 24 फरवरी को पड़ रही है। पंचांग अनुसार माघ पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 जनवरी की दोपहर 3 बजकर 33 मिनट से होगी और समाप्ति 24 फरवरी की शाम 5 बडकर 59 मिनट पर होगी।
माघ पूर्णिमा का महत्व (Magh Purnima Mahatva)
मान्यता है माघ पूर्णिमा के दिन देवी-देवता पृथ्वी पर उतरते हैं और इंसानी रूप में पवित्र नदियों में स्नान, दान और पूजा, पाठ आदि करते हैं। यही वजह है कि इस दिन गंगा स्नान का सबसे ज्यादा महत्व माना जाता है। कहते हैं इस दिन गंगा स्नान करने से व्यक्ति को सभी पापों से मुक्ति मिल जाती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसलिए माघ पूर्णिमा के शुभ अवसर पर पवित्र नदियों में डुबकी जरूर लगानी चाहिए। माघ पूर्णिमा के दिन विष्णु भगवान और हनुमान जी की पूजा की जाती है।
माघ पूर्णिमा के दिन किए जाने वाले महत्वपूर्ण अनुष्ठान
माघ पूर्णिमा के दिन सुबह जल्दी उठकर पवित्र स्नान करना चाहिए। स्नान करने के बाद भगवान विष्णु, भगवान हनुमान और अपने इष्ट देवता की पूजा करनी चाहिए। साथ ही इस दिन कई लोग सत्यनारायण भगवान के नाम का व्रत भी रखते हैं। जो लोग इस दिन व्रत रखते हैं उन्हें सत्यनारायण भगवान की कथा जरूर सुननी चाहिए। साथ ही भगवान को तरह-तरह के भोग अर्पित करने चाहिए। फिर शाम के समय चंद्रमा को अर्घ्य देना चाहिए। इस दिन भगवत गीता और रामायण का पाठ करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है।
