Dooj November 2026 (November mein kaun si Dooj hai): दिवाली का त्योहार केवल रोशनी, मिठाइयों और लक्ष्मी पूजन तक सीमित नहीं है। इसके बाद भी कार्तिक महीने में कई खास तिथियां आती हैं, जिनका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इन्हीं में एक है कार्तिक शुक्ल द्वितीया। इसे दूज के नाम से जाना जाता है। दिवाली के बाद आने वाली यह दूज भाई-बहन के रिश्ते से भी जुड़ी है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया का महत्व सिर्फ भाई दूज तक ही सीमित नहीं है? इसका संबंध यमराज, यमुना और चित्रगुप्त की पूजा से भी है।
नवंबर 2026 में दूज कब है, दिवाली के बाद कौन सी दूज आती है
नवंबर 2026 में दूज कब है (November 2026 Duj Date)
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को दूज मनाई जाती है। साल 2026 में यह तिथि 11 नवंबर, बुधवार को पड़ रही है। इसी दिन भाई दूज, यम द्वितीया और चित्रगुप्त पूजा का पर्व भी मनाया जाएगा।
पंचांग के अनुसार, द्वितीया तिथि 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। इसके बाद तृतीया तिथि शुरू हो जाएगी। इस दिन भाई दूज का तिलक मुहूर्त दिल्ली में दोपहर 1 बजकर 9 मिनट से 3 बजकर 19 मिनट तक रहेगा।
दिवाली के बाद कौन सी दूज आती है
दिवाली के बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की दूज आती है। इसे भाई दूज या भैया दूज कहा जाता है। यह गोवर्धन पूजा के अगले दिन मनाई जाती है। साल 2026 में दिवाली 8 नवंबर को, गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को और भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी।
इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाती हैं। उनके सुखी जीवन और अच्छी सेहत की कामना करती हैं। भाई भी बहनों को उपहार देते हैं। यह त्योहार रिश्तों में प्यार और अपनापन बनाए रखने का संदेश देता है।
क्या है कार्तिक शुक्ल द्वितीया का धार्मिक महत्व
कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इसके पीछे यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी एक प्रचलित पौराणिक कथा है। कहते हैं कि यमुना अपने भाई यमराज से मिलने के लिए हमेशा उत्सुक रहती थीं। वह उन्हें कई बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं। आखिरकार कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन के घर पहुंचे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और माथे पर तिलक लगाकर भोजन कराया।
बहन के इस प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। यमुना ने इच्छा जताई कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। यमराज ने उनकी बात स्वीकार कर ली। तभी से इस दिन भाई को तिलक लगाने की परंपरा प्रचलित होने की मान्यता है।
कार्तिक शुक्ल दूज के दिन किनकी पूजा होती है
इस दिन यमराज और यमुना की पूजा का विशेष महत्व है। कई जगह भगवान चित्रगुप्त की भी पूजा की जाती है। मान्यता है कि चित्रगुप्त मनुष्य के अच्छे और बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसलिए यह दिन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि अपने कर्मों को बेहतर बनाने और रिश्तों की अहमियत समझने का अवसर भी है।
