Dhanteras Lakshmi Ganesh Murti Purchase Timing (18-Oct-25): धनतेरस पर गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदना एक बहुत ही शुभ और पुरानी परंपरा है। भगवान गणेश विघ्नहर्ता और बुद्धि, विवेक, और शुभारंभ के देवता हैं तो मां लक्ष्मी को धन, वैभव, समृद्धि और सुख-समृद्ध जीवन की देवी माना जाता है। धनतेरस पर नई मूर्ति लाने से घर में नव ऊर्जा प्रवेश करती है और पुराने दोष समाप्त होते हैं। आने वाले समय में घर में मां लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए परंपरा कहती है कि हर साल दीपावली पर नई मूर्तियां खरीदनी चाहिए और इनकी पूजा भी करनी चाहिए। यहां से आप मूर्ति खरीदने का समय जान सकते हैं।
धनतेरस 2025 पर गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदने का शुभ समय (pic credit: canva)
गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदने का शुभ मुहूर्त 2025-
गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदने के लिए दोपहर 11 बजकर 59 मिनट से 12 बजकर 47 मिनट का समय शुभ है। वहीं, इस मूर्ति को रात में 07 बजतर 16 मिनट से 08 बजकर 20 मिनट के बीच स्थापित किया जा सकता है।
गणेश मूर्ति खरीदते समय क्या देखना चाहिए?
मूर्ति खरीदते समय याद रखें कि गणेश जी की सूंड बायीं ओर मुड़ी हुई होना शुभ माना जाता है। ध्यान दें कि गणेश जी की खड़ी प्रतिमा न हो। ऐसा कहा जाता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसके अलावा गणेश जी की मूर्ति मिट्टी से बनी हुई ही खरीदें क्योंकि मिट्टी की मूर्ति को पानी में विसर्जित करने से पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होता है।
लक्ष्मी जी की मूर्ति कैसे खरीदनी चाहिए?
लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदते समय, ध्यान रखें कि माता कमल पर विराजमान हों, अपने खड़े मुद्रा में न हों, और उल्लू वाहन पर सवार न हों, बल्कि ऐसे वाहन पर हों जो धन वर्षा कर रहा हो। गणेश और लक्ष्मी जी की मूर्तियाँ अलग-अलग हों और खंडित न हों।
पुरानी गणेश लक्ष्मी की मूर्ति का क्या करें?
अगर आपके पास पुरानी गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां हैं तो उनका विसर्जन कर दें। अगर आपके पास चांदी की गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां हैं तो गंगाजल से साफ करके दीवाली पूजन में इस्तेमाल कर सकते हैं।
