Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में हर दिन का अपना विशेष धार्मिक महत्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस लोक आस्था के महापर्व में दूसरे दिन यानी खरना का विशेष स्थान माना जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम के समय भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा करने के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी का विशेष महत्व होता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही व्रती का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। ऐसे में आइए जानते हैं खरना का प्रसाद कब बनाना चाहिए और इसे तैयार करने की सही विधि क्या है।
खरना प्रसाद
कब बनाया जाता है खरना का प्रसाद
छठ पूजा का दूसरा दिन 14 नवंबर 2026, शनिवार को है। इसे खरना या लोहंडा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करने के बाद व्रत का संकल्प लेते हैं और पूरे दिन अन्न-जल ग्रहण नहीं करते। इसके बाद शाम को सूर्यास्त के आसपास स्नान करके शुद्धता और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, खरना का प्रसाद मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर बनाया जाता है। प्रसाद तैयार करने के दौरान साफ-सफाई और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कई घरों में इस दिन प्रसाद बनाने के लिए नए मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल भी किया जाता है।
खरना के प्रसाद में क्या-क्या बनाया जाता है?
खरना के दिन मुख्य रूप से गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी या पूरी तैयार की जाती है। इसके अलावा प्रसाद में केला और अन्य मौसमी फल भी शामिल किए जाते हैं। खरना का प्रसाद बनाने के लिए इन सामग्रियों-
- अरवा चावल या साठी चावल
- शुद्ध फुल क्रीम दूध
- गुड़
- गेहूं का आटा
- गाय का शुद्ध घी
- इलायची पाउडर
- केला और अन्य फल
खरना वाली खीर बनाने की विधि
खरना की खीर सामान्य खीर से थोड़ी अलग होती है। इसे दूध, चावल और गुड़ की मदद से तैयार किया जाता है। सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर के लिए पानी में भिगो दें। अब मिट्टी के चूल्हे पर एक साफ बर्तन में दूध गर्म करें। दूध में उबाल आने पर इसमें भीगे हुए चावल डाल दें। चावल को धीमी आंच पर पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि खीर बर्तन के तले में न लगे। जब चावल अच्छी तरह गल जाएं और खीर गाढ़ी हो जाए, तब इसे आंच से उतार लें। अब गुड़ को अलग से हल्का गर्म पानी डालकर घोल लें और छानकर खीर में मिलाएं। ध्यान रखें कि बहुत गर्म दूध में सीधे गुड़ डालने से दूध फट सकता है। स्वाद के लिए इसमें थोड़ी इलायची भी मिला सकते हैं।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने की विधि
प्रसाद तैयार होने के बाद सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को गुड़ की खीर, रोटी और फल का भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती पूजा-अर्चना करके प्रसाद ग्रहण करते हैं। व्रती के प्रसाद ग्रहण करने के बाद इसे परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों में बांटा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प निभाते हैं। इस दौरान वे पानी तक ग्रहण नहीं करते और अगले दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी करते हैं।
