राजस्थान

MLA का फर्जी स्टिकर लगाकर थार से जमाता था रौब; जब्त हुई गाड़ी, ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर में पुलिस ने एक मॉडिफाइड थार गाड़ी से फर्जी MLA वाहन प्रवेश पत्र स्टिकर बरामद कर बड़ा खुलासा किया। शिप्रापथ थाना पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ड्राइवर देव प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने समाज में रौब जमाने और टोल टैक्स बचाने के लिए यह फर्जी स्टिकर लगाया था।

Image

रौब दिखाने के लिए गाड़ी पर लगाया था फर्जी स्टिकर (AI Created)

Photo : TN Innovations

Jaipur News: जयपुर में पुलिस ने एक मॉडिफाइड थार गाड़ी से फर्जी MLA वाहन प्रवेश पत्र स्टिकर बरामद कर बड़ा खुलासा किया है। शिप्रापथ थाना पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ड्राइवर देव प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने समाज में रौब जमाने और टोल टैक्स बचाने के लिए यह फर्जी स्टिकर लगाया था।

गश्त के दौरान मिली संदिग्ध थार

शुक्रवार सुबह शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मानसरोवर के अरावली मार्ग पर आवासन मंडल की खाली जमीन के पास एक थार खड़ी नजर आई। गाड़ी पर “16वीं राजस्थान विधान सभा सदस्य MLA वाहन प्रवेश पत्र वर्ष 2024-25” लिखा स्टिकर लगा हुआ था। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, दक्षिण जयपुर, राजर्षि राज (IPS) के निर्देश पर ब्लैक फिल्म और अवैध मोडिफिकेशन वाली गाड़ियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत की गई।

गाड़ी और स्टिकर के नंबर में नहीं मिला मेल

गाड़ी के स्टिकर पर और वाहन के असली रजिस्ट्रेशन नंबर अलग-अलग पाए गया। संदेह गहराने पर पुलिस ने मौके पर मौजूद ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर ने अपना नाम देव प्रताप सिंह (32), निवासी पटेल मार्ग, मानसरोवर बताया और कहा कि गाड़ी उसी के नाम रजिस्टर्ड है।

रौब दिखाने के लिए लगाया फर्जी स्टिकर

जब पुलिस ने उससे विधानसभा सदस्य होने का प्रमाण मांगा तो उसने स्वीकार किया कि न वह, न ही उसके परिवार का कोई भी सदस्य विधायक है। आरोपी ने माना कि उसने फर्जी MLA स्टिकर समाज में दबदबा दिखाने और टोल टैक्स से बचने के लिए लगाया था। पुलिस ने मामले को मोटर वाहन अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत अपराध मानते हुए, थार गाड़ी जब्त कर ली और ड्राइवर देव प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article