Rajasthan News: शनिवार सुबह राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल पर अचानक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बिना किसी औपचारिकता के पार्क में पहुंच गए। रोजमर्रा की तरह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग जब उन्हें अपने बीच चलते देखे तो पहले तो हैरान हुए, फिर खुशी के साथ उनके साथ टहलने लगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद किया और ‘फिट इंडिया-फिट राजस्थान’ का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
CM ने आम जनता के बीच रहकर किया वॉक
मुख्यमंत्री शर्मा शनिवार तड़के सीमित सुरक्षा के साथ सीधे जवाहर सर्किल पहुंचे। आम लोगों की तरह सामान्य रूप से पार्क में घूमते हुए उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनसे जुड़ाव बढ़ाया। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले भी भजनलाल शर्मा इसी पार्क में नियमित सैर किया करते थे और अब भी वह अपनी इस पुरानी दिनचर्या को जारी रखे हुए हैं।
‘फिट इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश
वॉक के दौरान सीएम शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘फिट राजस्थान’ की अवधारणा को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए स्वयं को फिट रखना और लोगों को प्रेरित करना बेहद आवश्यक है।

वॉक के दौरान लोगों से मिलते मुख्यमंत्री
मंदिर दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
मॉर्निंग वॉक के बाद मुख्यमंत्री जवाहर सर्किल स्थित मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर राजस्थान की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वॉक के बाद मुख्यमंत्री शर्मा ने पार्क में मौजूद लोगों के साथ जूस पीते हुए अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिन पर सीएम ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
अंबेडकर को महापरिनिर्वाण दिवस पर नमन
मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भी उनके साथ मिलकर श्रद्धांजलि दी।
