Ajmer Crime: राजस्थान के अजमेर जिले के बिजयनगर इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस की 112 गाड़ी के कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी कर रहे ड्राइवर पर दो बदमाशों ने हमला कर दिया। ड्राइवर को पहले पीटा गया, फिर सामने से गोली मार दी गई। गोली उसकी छाती में लगी और पेट में जाकर फंस गई। घायल को गंभीर हालत में अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ के दौरान हमला
घायल ड्राइवर सीताराम गुर्जर (31), जो पिछले दो साल से बिजयनगर थाने में 112 गाड़ी का संविदा चालक है, ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग पौने चार बजे वह ड्यूटी ऑफिसर (डीओ) गोपीराम को उनके रूम पर छोड़कर थाने लौट रहे थे। बरल रोड पर उसने दो संदिग्ध युवकों को सड़क किनारे बैठे देखा। शक होने पर गाड़ी रोककर उनसे पूछताछ की और दस्तावेज मांगे।
ड्राइवर के अनुसार, आरोपियों के आसपास नशीला पदार्थ पड़ा था। इस बारे सीताराम ने डीओ को फोन कर जानकारी दी। जैसे ही वह फोन काटकर कर पीछे मुड़े, दोनों युवकों ने उस पर हमला कर दिया। एक ने उसके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद एक आरोपी ने बंदूक निकालकर सामने से गोली चला दी, और सीताराम वहीं गिर पड़े।
डीओ ने पहुंचकर बचाया
हमले की सूचना मिलते ही बिजयनगर थाने के डीओ गोपीराम मौके पर पहुंचे और घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। एडिशनल एसपी ब्यावर नरेंद्र सिंह और बिजयनगर थाना अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति जानी।
एक आरोपी की पहचान, सर्च ऑपरेशन जारी
बिजयनगर थाना प्रभारी करण सिंह ने बताया कि वारदात थाने से लगभग 2 किमी दूर हुई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एक आरोपी की पहचान ब्यावर निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। दोनों हमलावरों के खिलाफ सीताराम के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
FSL टीम ने जुटाए सबूत
मसूदा सीओ जय सिंह के निर्देश पर एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके से सबूत एकत्र किए और घटनास्थल की जांच की। मसूदा पुलिस उपाधीक्षक जय सिंह ने भी जेएलएन अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश कर रही है।
