Bhopal Metro News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए मेट्रो का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल यानी सोमवार 8 दिसंबर को खजुराहो स्थित कन्वेंशन सेंटर में प्रेस से बातचीत के दौरान भोपाल मेट्रो के शुभारंभ की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि रविवार 21 दिसंबर को भोपाल मेट्रो का उद्घाटन किया जाएगा। यही नहीं, उसी दिन राजधानी में विकास से जुड़ी कई अन्य परियोजनाओं की सौगातें भी जनता को मिलेंगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने दो साल के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी तीन वर्षों के लक्ष्य भी तय किए हैं।
भोपालवासी 21 दिसंबर से लेंगे मेट्रो से सफर का लुत्फ (फोटो - x.com/OfficialMPMetro)
हालांकि, भोपाल मेट्रो के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना फिलहाल नहीं है। बता दें कि पिछले ही हफ्ते कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) ने प्रायोरिटी कॉरिडोर को हरी झंडी दे दी थी। टीम ने सुभाष नगर डिपो से लेकर ट्रैक और कोच तक की विस्तृत जांच की थी।
अधिकारियों के अनुसार, ऑरेंज लाइन के कॉमर्शियल रन के लिए सभी जरूरी काम पूरे किए जा चुके हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार स्टेशनों का कुछ काम अभी बाकी जरूर है, लेकिन इससे संचालन पर किसी तरह का प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह प्रायोरिटी कॉरिडोर 6.22 किमी लंबा है, जिसमें सुभाष नगर से एम्स तक कुल आठ स्टेशन शामिल हैं।
भोपाल मेट्रो के स्टेशनों की लिस्ट
- सुभाष नगर
- केंद्रीय स्कूल
- डीबी मॉल
- एमपी नगर
- रानी कमलापति
- डीआरएम तिराहा
- अलकापुरी
- एम्स
बताया जा रहा है कि भोपाल मेट्रो का किराया भी लगभग तय हो चुका है। एमपी नगर स्टेशन पर सूची भी लगा दी गई है। हालांकि, इसकी अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। भोपाल मेट्रो का मॉडल भी इंदौर जैसा होगा। पहले 7 दिन तक यात्रियों को मुफ्त यात्रा ला लाभ मिलेगा इसके बाद 3 महीने तक टिकटों पर 75 फीसद, 50 प्रतिशत और 25 पर्सेंट की छूट मिलेगी। छूट की अवधि खत्म होने पर न्यूनतम किराया 20 और अधिकतम 80 रुपये होगा।
ट्रायल रन में मेट्रो को 30 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार से टेस्ट किया गया है। भोपाल मेट्रो का टिकटिंग सिस्टम फिलहाल मैनुअल रहेगा, क्योंकि नई फेयर कलेक्शन कंपनी के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। यानी दिल्ली मेट्रो या देश के अन्य शहरों में चल रही मेट्रो सेवाओं की तरह भोपाल मेट्रो स्टेशन के गेट इलेक्ट्रॉनिक टिकट, क्यूआर कोड से नहीं खुलेंगे। यही व्यवस्था फिलहाल इंदौर मेट्रो में भी जारी है।
भोपाल मेट्रो की सबसे बड़ी समस्या
भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन के उद्घाटन की तारीख तो सामने आ चुकी है। लेकिन इसकी सबसे बड़ी परेशानी का अभी तक हल नहीं हुआ है। भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के 8 स्टेशनों में से किसी पर भी पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में मेट्रो यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वैसे लोग जो गाड़ी छोड़कर मेट्रो से सफर करना चाहेंगे, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कतें होंगी। स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा रहेगी। यानी यात्री यहां गाड़ी से आ-जा सकते हैं, लेकिन गाड़ी पार्क नहीं कर पाएंगे। हालांकि, मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
कब शुरू हुआ था भोपाल मेट्रो का काम
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पहला मेट्रो रूट एम्स से करोंद तक 16.05 किमी लंबा है, जिसमें से 6.22 किमी के प्रायोरिटी कॉरिडोर का उद्घाटन 21 दिसंबर को होने जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण पर काम तेजी सो होगा। इस प्रायोरिटी कॉरिडोर के काम की शुरुआत 2018 में हुई थी।
